जीरकपुर में अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जीरकपुर ओवरब्रिज के नीचे एक मजदूर का शव मिला है। पुलिस ने मृतक के शव को पहचान के लिए डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई तिलकराज ने बताया कि रविवार दोपहर सूचना मिली कि जीएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल के सामने ओवरब्रिज के नीचे एक युवक बेसुध पड़ा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि एक युवक चल रहे सड़क के काम के लिए खोदे गए गड्ढे में उल्टा लेटा हुआ है। पुलिस ने पाया कि उसकी मौत हो चुकी है। आसपास के लोगों का कहना है कि युवक पिछले 2 दिनों से यहां पड़ा था।
एएसआई तिलकराज ने बताया कि मृतक देखने में प्रवासी लग रहा है। उसकी पहचान के लिए कोई दस्तावेज नहीं मिला है। मृतक की शिनाख्त के लिए लाश को डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटों के लिए रखवाया गया है।