लांडरां। इलाके में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस दौरान एक ट्रैक्टर चालक ने पहले साइकिल सवार छात्र को चपेट में ले लिया। इसके बाद उसे करीब पचास मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद ट्रैक्टर आगे सफेदे के पेड़ से जाकर टकराया, थोड़ी देर बाद छात्र को निकाला गया। इस दौरान छात्र बुरी तरह जख्मी हो गया। हालांकि जानी नुकसान से बचाव हो गया। छात्र मोहितप्रीत सिंह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को गांव धर्मगढ़ का छात्र मोहितप्रीत आयु 16 साल बनूड़ स्थित स्कूल को साइकिल पर जा रहा था। इस दौरान गांव की ओर आ रही एक ओवर लोड ट्रैक्टर ट्राली ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। इस कारण साइकिल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। बच्चे के पिता जगतार सिंह ने कहा कि अगर ट्रैक्टर सड़क के किनारे खड़े सफेदा में न फंसता तो वह बच्चे की जान ले सकता था। बच्चे को पहले बनूड़ के अस्पताल में लेकर गए उसके बाद उसे गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने डेराबस्सी के अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की कि ओवर लोड ट्रैक्टर ट्रालियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
कोट्स...
मामला ध्यान में नहीं है। अगर ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली मिलती है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-दलवीर सिंह गरेवाल, डीएसपी ट्रैफिक पुलिस