मोहाली। विश्व पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडुआं में विशेष समागम आयोजित किया गया। वहीं, कोविड काल के बीच बाहर से आने पर्यटकों का यूनिवर्सिटी के छात्रों ने एयरपोर्ट पहुंचकर उन्हें फूल भेंट कर स्वागत किया। यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी मैनेजमेंट डिपार्टमेंट में एयरलाइन्स विभाग की बलविंदर और शैवाली यादव और टूरिज्म डिपार्टमेंट की धरुविता और हरजोत की टीम पर्यटकों के अभिनन्दन के लिए चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची । पर्यटकों के साथ बातचीत करते हुए देश में उनकी यात्रा के बेहतरीन अनुभव के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, सीयू में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को टूरिज्म क्षेत्र के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिसमें ट्रेवेल राइटिंग, पेंटिंग दि फेस, बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट प्रतियोगिता, प्रेजेंटेशन, फोटोग्राफी और रंगोली प्रतियोगिता थी। होटल प्रबंधन विभाग के प्रधान मनीष शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि पर्यटन क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों में देश के एक प्रमुख उद्योग के रूप में उभरा है । इसने देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ट्रेवेल एंड टूरिज्म काउंसलिंग के अनुसार पिछले साल भारत के सकल घरेलू उत्पाद में इस क्षेत्र का 9.2 प्रतिशत योगदान रहा था। जबकि टूरिज्म और हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र ने 4.2 लाख नए रोजगार का सृजन किया था। यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू ने कहा कि यूनिवर्सिटी ने पर्यटन और आतिथ्य के लिए उपयुक्त और उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम को अपनाया है।