संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। शहर में दिनदहाड़े पुलिस की वर्दी पहन सीआईए स्टाफ बनकर एक ज्वेलर्स से 5 लाख रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले ज्वेलर्स को चोरी का सामान खरीदने के मामले में फंसाने की धमकी दी, फिर हथकड़ी लगाकर जबरन वाहन में बैठाया और मारपीट करते हुए लाखों रुपये की मांग की। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है।
पंचकूला निवासी गौरव गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 जून को दोपहर करीब 3:50 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो उनकी चंडीगढ़-अंबाला सड़क स्थित एमजी ज्वैलर्स की दुकान के बाहर आकर रुकी। वाहन से उतरे तीन व्यक्तियों में से एक ने खाकी पगड़ी और खाकी पैंट पहन रखी थी, जबकि दूसरे के हाथ में फाइल थी। उनके साथ एक व्यक्ति हथकड़ी लगाए हुए भी मौजूद था। आरोपियों ने दुकान में घुसते ही हथकड़ी लगे व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए कहा कि उसने चोरी का सामान इस ज्वेलर्स को बेचा है। इसके बाद आरोपियों ने गौरव गोयल पर चोरी का माल खरीदने का आरोप लगाया, उसका मोबाइल फोन और गाड़ी की चाबी छीन ली तथा उसे हथकड़ी लगाकर जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया। दुकान पर मौजूद कर्मचारी जोगिंदर सिंह को भी अपने साथ ले जाया गया।