शहर में एक बार फिर जेवर स्नैच करने वाला महिलाओं का गिरोह सक्रिय हो गया है। शनिवार को दोपहर गिरोह की दो सदस्यों ने फेज-6 बस स्टापेज पर बस पर चढ़ रही एक बुजुर्ग महिला के सोने के कंगन काटने की कोशिश की। हालांकि महिला की बेटी ने हिम्मत कर शोर मचाया।
साथ ही मौके पर एकत्रित लोगों ने दोनों महिलाओं को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को आरोपी महिलाओं के पास से बुजुर्ग महिला से छीने गए 2500 रुपये बरामद हुए। जो पुलिस ने बुजुर्ग महिला को दे दिए। हालांकि बुजुर्ग ने आरोपी महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई से मना कर दिया। जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार दोपहर की है। ममता रानी (60) लुधियाना जाने के लिए बस पर चढ़ने लगी। इसी बीच दो महिलाएं तेजी से उसके पीछे आई। एक महिला ने चुपके से उसके बैग से पैसे निकाल लिए। जबकि एक ने सोने का कड़ा काटने की कोशिश की।
इसी बीच महिला की बेटी की उन पर नजर पड़ गई। उसने तेजी शोर मचा दिया। साथ ही आसपास के लोग जुट गए। इसी बीच दोनों महिलाओं को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। वहीं मौके पर पीसीआर पहुंच गई। साथ ही महिलाओं को फेज-6 की पुलिस चौकी ले गए।
महिलाओं के पास से 2500 रुपये बरामद हुए। जिसे बुजुर्ग महिला को सौंप दिया गया। आरोपी महिलाओं की पहचान इकबाल कौर लुधियाना और नसीब कौर पातड़ा के रूप में हुई। फेज-6 चौकी के इंचार्ज साहिब से ने बताया कि बुजुुर्ग महिला ममता ने बताया उनकी सेहत ठीक नहीं रहती है। पीजीआई में उनका इलाज चल रहा है।
वह इलाज के लिए पीजीआई आई थीं। वहीं, फेज-6 में बेटी के पास ठहरी थी। ऐसे में किसी भी कानूनी मामले में वह नहीं पड़ना चाहती हैं। साथ ही उन्होंने शिकायत न देने का फैसला लिया है। इसके बाद महिलाओं को छोड़ दिया गया।
पहले भी हो चुकी हैं वारदात
शहर में इससे पहले भी इस तरह की वारदाते हो चुकी हैं। कुछ महीने एक बुजुर्ग महिला गुरुद्वारा सिंह शहीदां सोहाना माथा टेककर आ रही थी। तभी कार सवार महिलाएं उसे अगवा कर ले गई। साथ ही उसके गहने छीनने की कोशिश की। लेकिन महिला ने चलती कार से छलांग लगा दी थी। जिससे वह बच गई थी। इसी तरह फेज-एक में एक महिला पार्षद की रिश्तेदार से स्नैचिंग हुई थी।