दिल्ली स्थित उत्तम नगर से नाइजीरियन से सस्ते रेट पर हेरोइन खरीदकर चंडीगढ़ व उसके आसपास के इलाके में सप्लाई करने वाले दो व्यक्तियों को पुलिस ने कार समेत दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 150 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों ने माना कि वह छह महीने से इस धंधे में लगे हुए थे। वह दिल्ली से बस और प्राइवेट कार में हेरोइन लाते थे। आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी फेज-1 और हर्षविंदर सिंह निवासी बूरमाजरा जिला मोरिंडा के रूप में हुई। यह दावा एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने किया। उन्होंने दावा है कि आरोपियों से पूछताछ में कई और राज खुलने के आसार हैं।
ऐसे पकड़ में आए आरोपी
जानकारी के मुताबिक, सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरचरन की अगुवाई में इस आपरेशन को अंजाम दिया गया। सीआईए टीम और लालड़ू थाने की पुलिस गांव झरमड़ी चौक के पास टैक्स बैरियर पर मौजूद थीं। इस दौरान पुलिस ने सीएच 03एस 7606 नंबर की लाल रंग की एसेंट कार आते देखी। इसमें दो व्यक्ति सवार थे। जब कार को रोककर चेकिंग की गई तो उसमें 150 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
चंडीगढ़ से ही चलाते थे कारोबार
आरोपियों ने पूछताछ में कबूला है कि वह ट्राइसिटी में अपना कारोबार चला रहे थे। वैसे तो उन्होंने रहने के लिए फेज-6 में कमरा ले रखा था। लेकिन वह अपना धंधा चंडीगढ़ से ही चलाते थे। इसके लिए उन्होंने सेक्टर-49 में एक कमरा किराए पर ले रखा था। वहां से वह अपने ग्राहकों से डीलिंग करते थे।
10वीं और ग्रेजुएट पास आरोपी
पुलिस के मुताबिक, मनप्रीत (25) 10वीं पास है। कोठियों में लकड़ी का काम ठेके पर लेता है। आरोपी ने अपना पहचान पत्र फेज-10 मोहाली का बनवा रखा है। वह फेज-6 में रह रहा था। जबकि आरोपी हर्षविंदर सिंह (23) ग्रेजुएट है।