मोहाली के सेक्टर-77 स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर हुए हमले ने सेना से लेकर अन्य सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ाकर रख दी है। इसका कारण है कि घटना स्थल से मात्र सात किलोमीटर की दूरी में बीएसएफ का मुख्यालय से लेकर बुड़ैल सेंट्रल जेल व एनआईए का दफ्तर है। इसके अलावा बीच में एसएसपी दफ्तर, कई नामी अस्पताल व पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड भी स्थित हैं। ऐसे में इस हमले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
माना जा रहा है कि आरोपियों ने इस इलाके में रेकी की थी। हमले के बाद वे आसानी से वहां से निकल गए। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हर तथ्य की पड़ताल की जा रही है। इतना ही नहीं पुलिस ने कमांडो दस्ते भी तैनात कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय की लोकेशन बिल्कुल रिहायशी एरिया से सटी हुई है।
आम आदमी का वहां तक पहुंचना आसान भी नहीं है क्योंकि पूरे इलाके में उक्त दफ्तर के कोई गाइड मैप से लेकर अन्य कोई चीज नहीं लगी हुई है। ऐसे में यह सवाल सुरक्षा अधिकारियों को भी खड़क रहा है। दूसरी तरफ मंगलवार सुबह मुख्यालय को जाने वाली सड़क को जनता के लिए बंद कर दिया गया।
पहले पंजाब पुलिस इसके बाद अन्य सुरक्षा एजेंसियां इसकी पड़ताल में जुटीं। फिर सेना, आईबी व एनआईए की टीमों ने पूरे इलाके की जांच की। इस दौरान डीजीपी ने पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की है। हमले के बाद एयरफोर्स स्टेशन और एयरपोर्ट की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
सुबह पांच बजे सारी इमारतें की चेक
हमले के बाद पुलिस ने जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स के अलावा सारी इमारतों को भी चेक किया है। पुलिस ने अपनी तसल्ली की है कि कहीं पर कोई हमला तो नहीं हुआ है। सारी इमारतों की वीडियो बनाया गया है। साथ ही सुरक्षाकर्मियों को कहा गया है कि हर चीज पर नजर रखी जाए। अगर कोई संदिग्ध लगता है तो उसके बारे में तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए।
पुलिस थानों के बाहर दोबारा फिर बंकर बनाए
पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले के बाद पंजाब के सभी थानों के बाहर बंकर बनाए गए थे लेकिन बाद में यह सारे खत्म हो गए थे। सोमवार रात हुए हमले के बाद पुलिस नेसभी थानों में नए सिरे से बंकर बना दिए हैं। इसके अलावा इलाकों में लगे कैमरे सही करवाए जा रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से आसानी से निपटा जा सके।
जेल से छूटे लोगों की हुई चेकिंग, बॉर्डर क्षेत्र में भी सख्ती
चंडीगढ़। मोहाली में पंजाब के खुफिया मुख्यालय पर चलती कार से रॉकेट चलित ग्रेनेड दागने के बाद चंडीगढ़ में भी अलर्ट जारी हो गया है। पुलिस ने मंगलवार को जेल से छूटे लोगों की जानकारी ली और उन्हें चिह्नित करके पूरी रिपोर्ट तैयार की। वहीं सीमाओं पर भी अन्य दिनों के मुकाबले सख्ती बढ़ा दी गई है। रात में भी चेकिंग के लिए पुलिस नाका लगाया। बम स्क्वायड टीम ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पंजाब में अलर्ट जारी हो गया है। बुड़ैल जेल में आतंकवादी बंद हैं। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से हाल ही में जेल से छूटे कैदियों के बारे में पूरी जानकारी ली गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र जैसे बस स्टैंड, एलांते मॉल, सेक्टर-19 सदर मार्केट और रेलवे स्टेशन पर बम स्क्वायड टीम ने बम डिटेक्टर और डॉग के साथ छानबीन की।
इस दौरान कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की साथ ही लावारिस और संदिग्ध बैग की जांच की। टीम ने लोगों से अपील की कि संदिग्ध वस्तु नजर आने पर तुरंत सूचना दें। इसके बाद टीम ने बाहर आकर रेलवे स्टेशन के आसपास खड़े वाहनों की भी चेकिंग की।