मोहाली में लिफ्ट देने के बहाने महिलाओं ने शनिवार सुबह क्टर-69 के एक बुजुर्ग दंपति को अपना निशाना बनाया। आरोपी महिलाएं पीड़ित सरोजिनी भट्टी व जेएम भट्टी की 30 ग्राम सोने की चेन और एक सोने की चूड़ी ले जाने में कामयाब रहीं। जबकि वारदात के बाद उन्हें गाड़ी से उतार दिया। पीड़ित दंपति ने फेज-8 थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10 बजे सेक्टर-69 निवासी सरोजिनी भट्टी अपने पति जेएम भट्टी के साथ ग्रेशियन अस्पताल से कुंभड़ा की ओर जा रहीं थीं। इसी बीच दो महिलाएं उनके पास आईं। महिलाओं ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। आरोपी महिलाओं ने बुजुर्ग दंपति को बातों में उलझा लिया। इसी बीच एक कार वहां आकर रुकी। आरोपी महिलाओं ने कहा कि उन्हें उनकी मंजिल तक छोड़ देगीं। इसके बाद बुजुर्ग दंपति कार में सवार हो गया। महिलाओं ने जेएम भट्टी को कार की अगली सीट पर बैठाया, जबकि सरोजिनी भट्टी को पीछे वाली सीट के मध्य में बैठाया।
इसी बीच सरोजिनी ने अपने आपको एडजस्ट करने के लिए महिलाओं को आगे की तरफ धक्का दिया। अभी कार 100 मीटर ही आगे बढ़ी थी कि आरोपी महिलाएं बुजुर्ग दंपति को गिराकर भाग गईं। थोड़ा संभलने के बाद बुजुर्ग महिला ने देखा कि उनके हाथों से चूड़ी व गले से सोने की चेन गायब है। उन्होंने तुरंत घटना की सूचना परिवार को दी। थाना फेज-8 के एसएचओ लखविंदर सिंह ने दावा किया कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें
यह पहला मौका नहीं है, जब शहर में इस प्रकार लूट हुई हैै। बल्कि, इससे पहले भी इस तरह की कई वारदातें हो चुकीं हैं। कुछ समय पहले गुरुद्वारा सिंह शहीदां से माथा टेक कर आ रही बुजुर्ग कुलदीप कौर संभरवाल को गिरोह ने निशाना बनाया था। इस वारदात में भी बुजुर्ग को लिफ्ट देने के बहाने महिला गिरोह ने गाड़ी में बैठा लिया था। इसके बाद उनके कंगन छीन लिए थे। जब महिला की बालियां छीनने की कोशिश की गई तो उसने किरपाण निकाल ली थी। इसके बाद आरोपी महिलाएं उन्हें चलती गाड़ी से फेंककर भाग गई थीं।
फेज-6 में कई काटी जा चुकी हैं चूड़ियां
फेज-6 के बस स्टैंड पर भी महिलाओं की चूड़ियां काटने वाला गिरोह सक्रिय है। एक महीने में गिरोह ने चार महिलाओं को अपना शिकार बनाया है। एक बार तो आरोपी महिलाएं रंगे हाथ दबोच ली गई थीं। लेकिन पीड़ित ने केस दर्ज करवाने से मना कर दिया था।