मोहाली सेक्टर-70 में सात लोगों ने मिलकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। मटौर थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान गगन, सतनाम सिंह, नवजोत, अमनदीप सिंह, सुखविंदर सिंह साहिल और सिमरन के रूप में हुई है। आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
शिकायतकर्ता जतिंदर सिंह सभ्रवाल ने बताया कि उनका सेक्टर-70 में दफ्तर है। वह और उनका भाई 20 दिसंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पार्किंग में खड़े थे। उनके पास चार लड़के आए और बताया कि वह पंजाब के रहने वाले हैं और उनके पासपोर्ट कुछ दफ्तर छोड़कर बनी एक इमिग्रेशन कंपनी के पास पड़े हैं। वे उनके पास आए थे और उन्होंने जबरन उनके पासपोर्ट अपने पास रख लिए हैं। अब पासपोर्ट लौटाने के लिए 25 हजार रुपये मांग रहे हैं। यह सुनकर उन्होंने पार्किंग में खड़े उस कंपनी के मालिक को उनके पासपोर्ट देने के लिए कहा। उनके इतना कहते ही उन लोगों ने मिलकर दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। करीब 15 मिनट तक वह उनसे मारपीट करते रहे।
इस दौरान एक आरोपी ने पिस्टल निकालते हुए कहा कि वह उसे गोली मारकर खत्म कर देगा। उन्होंने उनके दो कैमरे और उनके स्टैंड समेत काफी सामान तोड़ दिया। वहीं कार खरीदने के लिए गाड़ी में रखे पैसों में से 3.40 लाख रुपये, अंगूठी और घड़ी भी ले गए।
उन्होंने यह भी बताया कि मारपीट के दौरान वे उसके भाई को अपने दफ्तर में ले गए। इस दौरान उन्होंने 100 नंबर पर फोन कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस की गाड़ी के सायरन की आवाज सुनकर आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां पर इलाज कराने के बाद थोड़ा ठीक होने के बाद इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी।