असली आईफोन-6 दिखाकर धोखे से कांच का टुकड़ा देकर ठगी करने के आरोपी को मटौर थाना पुलिस गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुजफ्फर नगर (यूपी) निवासी मोहम्मद शहजाद उर्फ शिबू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी लोगों को झांसा देकर असली आईफोन-6 दिखाता था। इसके बाद सौदा तय होने के बाद वह उससे पैसे लेकर एक कवर में कांच का टुकड़ा पैक करके थमा देता था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी जेब में एक असली आईफोन रखता था।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह मार्केट में घूम-घूम कर अपने शिकार की तलाश करता था। शिकार को बातों में फंसाकर वह उसे असली आईफोन-6 दिखाता था। जैसे ही कम कीमत में बेचने और इसका सौदा तय होता था। इसके बाद वह उस आईफोन को कवर में पैक करके अपनी जेब में डाल लेता। उसकी जेब में पहले से ही उसी तरह के कवर में कांच का टुकड़ा रखा होता था। इसके बाद वह पैसे लेने के बाद अपनी जेब से कांच के टुकड़े वाला कवर निकालता था और ग्राहक के हाथ में थमा कर भाग जाता था। वहीं, मटौर थाना के एसएचओ भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी एक व्यक्ति कई लोगों असली आईफोन दिखा कर ठगी का शिकार बना चुका है। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस ने ट्रैप लगाकर आरोपी को रंगे हाथों फेज-3बी2 की मार्केट से गिरफ्तार कर किया है।
एक दिन में कई लोगों को बनाता था शिकार
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह एक दिन में पांच से सात लोगों से ठगी करता था। उसने बताया कि वह आईफोन की कीमत बहुत कम बताता था, ताकि ग्राहक उसके जाल में फंस जाए। इसके अलावा उसने बताया कि सौदा तय होने के बाद जब तक ग्राहक कवर खोल कर देखता, तब तक वह अपनी मोटरसाइकिल से भाग जाता था।
नौकरी नहीं मिली तो शुरू किया ठगी का कारोबार
पुलिस पूछताछ में मोहम्मद शहजाद ने बताया है कि उसने 5वीं तक की पढ़ाई की है। पैसे कमाने के लिए वह यूपी से आया था, लेकिन नौकरी नहीं मिली तो ठगी का यह धंधा शुरू कर दिया। लोगों को शिकार बनाने के लिए उसने एक असली आईफोन भी खरीदा था।