पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाने वाले तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उस समय काबू किया जब वह कुराली में ग्राहक को हेरोइन की सप्लाई करने जा रहा है। पुलिस ने आरोपी से आधा किलो हेरोइन बरामद की है। आरोपी की पहचान बलराज सिंह निवासी गांव नौशहरा ढाला जिला तरनतारन के रूप में हुई है। यह दावा एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को पीसीए स्टेडियम में प्रेस कांफ्रेंस में किया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी पर पहले भी कई केस दर्ज हैं। एसएसपी ने बताया कि अब तक वह पाकिस्तान से 60 किलो हेरोइन मंगवा चुका है।
ऐसे आया था पकड़ में
एसएसपी ने बताया कि सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मोरिडा कुराली रोड पर गश्त कर ही थी। तभी पता चला कि आरोपी अपने ग्राहक को हेरोइन की सप्लाई देने आ रहा है। इस बीच पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
दोस्त संग शुरू किया था धंधा
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वर्ष 2011 में अपने साथी चमकौर सिंह निवासी गांव भूसे जिला तरनतारन के साथ हेरोइन का कारोबार शुरू किया था। उसने सबसे पहले पांच किलो हेरोइन की खेप पाकिस्तान से मंगवाई थी। फिर 12 किलो हेरोइन की खेप मंगवाई थी। अमृतसर में आरोपी खिलाफ के केस दर्ज है। इसके अलावा जनरल क्राइम के तहत केस दर्ज है। वह अमृतसर व कपूरथला में जेलों में बंद रह चुका है।
रोपड़ में महिला मित्र के नाम खरीदी कोठी
आरोपी बलराज सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसकी उम्र 29 साल है। 12वीं तक पढ़ा है। उसने हेरोइन से आए पैसों से वर्ष 2015 में रोपड़ में साढ़े 27 लाख रुपये की कोठी खरीदी थी। यह कोठी उसने लिव इन रिलेशन में रह रही महिला सुखविंदर कौर के नाम पर खरीदी थी। वहीं, वह मनदीप सिंह निवासी गांव तिमोवाल जिला अमृतसर में फर्जी पते पर रह रहा था।
बीएसएफ के जवान से मिलकर करते थे तस्करी
वर्ष 2015 के आरोपी बलराज सिंह जेल से बाहर आ गया था। उसने साथी रणबीर सिंह उर्फ भोला निवासी जिला तरनतारन व बाऊ निवासी दाऊके जिला अमृतसर के साथ दोबारा तस्करी शुरू की थी। इसके बाद उसकी दोस्ती बीएसएफ के जवान से हुई। उसकी ड्यूटी जलालाबाद बार्डर पर थी। वर्ष 2015 में 40 किलो हेरोइन की खेप पाकिस्तान से मंगवाई थी। फिर 34 दिन बाद आरोपी बलराज सिंह अपने साथी रणवीर सिंह उर्फ भोला व बाऊं निवासी दाऊके के साथ दोबारा जलालाबाद में हेरोइन की खेप लेने गए थे। वहां पर आरोपी रणबीर सिंह उर्फ भोला, बाऊ व बीएसएफ का जवान को जलालाबाद पुलिस ने पकड़ लिया था। उस समय बलराज मौके से भागने में कामयाब रहा था। उस पर वहां केस दर्ज किया गया था।
फिर पुलिस को चकमा देखकर भागा
आरोपी बलराज सिंह ने साथियों के साथ 40 किलो हेरोइन की खेप मंगवाई थी। इसमें कुछ हेरोइन बेच दी थी। जबकि 12 किलो हेरोइन उनके पास से थाना सराए अमानत खां पुलिस ने बरामद की थी। यहां से भी वह मौका पाकर भागने में सफल रहा था।