मुल्लांपुर के ब्लॉक माजरी के गांव फांटवां में पति-पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने सात लोगों को राउंडअप किया है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में पुलिस ने कोई खुलासा नहीं किया है। बताया जा रहा है कि इस केस को ट्रेस करने में पुलिस काफी करीब पहुंच चुकी है। सोमवार को पुलिस ने हत्या के आरोपी को दबोचने के लिए कई जगह पर छापेमारी की। पुलिस का दावा है कि हत्यारोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल के पास का मोबाइल का डंप डाटा उठाया है। वहीं, देर शाम तक दोनों के परिजन मोहाली नहीं पहुंच सके थे। इस कारण सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। पुलिस के मुताबिक, देर रात या मंगलवार तक परिजनों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, जांच अधिकारी गुरसेवक सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। जिस पर भी शक है उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल का डंप डाटा भी लिया जा रहा है।
अंतिम कॉल बिहार में की थी
पुलिस ने बताया कि हत्या से पहले महिला ने रात करीब 10.30 बजे अंतिम कॉल बिहार में की थी। इसका डाटा निकलवा लिया गया है। जिस व्यक्ति से उसने बात की थी उसे पूछताछ करने के लिए बुलाया गया है।
शक पर किए जा रहे हैं राउंडअप
पुलिस को जिस व्यक्ति पर जरा-सा भी शक है उसे पूछताछ के लिए राउंडअप किया जा रहा है। इस शक के कारण पुलिस ने अभी तक सात लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
रविवार रात 19 साल की महिला से रेप के बाद उसकी और उसके पति की हत्या कर दी गई थी। दोनों का शव खेत में बनी ट्यूबवेल के कमरे की छत पर मिले थे। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर टूटी हुई चूड़ियों के टुकड़े और मोबाइल फोन बरामद किया था।