गांव नघल गढि़या के लोगों ने आधी रात को गुरुद्वारा साहिब में चोरी करने के उद्देश्य से पहुंचे एक व्यक्ति को काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दूसरा वहां से फरार होने में सफल हो गया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान बावा सिंह, पाल सिंह, मोहन सिंह, सुरिंदर सिंह, बलजीत सिंह, गुरमेल सिंह, सुखपाल सिंह, संत सिंह और भाग सिंह सहित अन्य ने बताया कि गांव में बीते कई दिनों से अज्ञात व्यक्तियों का एक गिरोह रेकी कर रहा था।
इसकी भनक गांव वासियों को लग गई। गांव वासियों ने विचार-विमर्श कर रात के समय पहरा देेने का प्रबंध किया। इसी दौरान जब पहरा देने वालों ने गुरुद्वारा साहिब के समीप अज्ञात नौजवानों को देखा और वहा दरवाजे खटखटाने की आवाज सुनी तो लोगों ने उसकी घेराबंदी कर ली। इसी दौरान जब चोरों को इसकी भनक लगी तो वहां से फरार होने की कोशिश की, लेकिन गांव वासियों ने एक को काबू कर लिया जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाते हुए वहां से फरार होने में सफल हो गया।
इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने चोर को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी अमरबीर सिंह ने बताया कि काबू किए गए आरोपी की पहचान अमृतपाल पुत्र तेजपाल वासी यूपी के तौर पर हुई। उन्होंने बताया कि काबू किए चोर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।