अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लगातार शोषण से तंग आकर 9वीं की 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा की ओर से रेलवे ट्रैक पर कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।
जीआरपी ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आत्महत्या के लिए उकसाने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूलरूप से उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। करीब दस साल पहले रोजगार की तलाश में वे जीरकपुर आकर बस गए थे। दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करने वाले पिता के अनुसार रिशू नामक युवक उनकी नाबालिग बेटी को काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोपी ने धोखे से छात्रा की अश्लील वीडियो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
परिजनों के मुताबिक आरोपी इसी वीडियो के दम पर छात्रा का शारीरिक शोषण भी कर रहा था। 12 मार्च को आरोपी शराब के नशे में उनके घर पहुंचा और जबरन छात्रा को अपने साथ ले गया। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। 13 मार्च को जीआरपी को ढकोली रेलवे ट्रैक पर एक किशोरी का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पहचान होने पर शव 9वीं की छात्रा का निकला। परिजनों का आरोप है कि आरोपी की धमकियों और प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली। जीआरपी ने छात्रा के पिता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को घग्घर रेलवे स्टेशन से उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश भागने की कोशिश कर रहा था। जीआरपीएफ के एएसआई गुरजिंदर सिंह के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।