मोहाली सेक्टर-77 स्थित पंजाब के खुफिया विभाग के मुख्यालय पर हमला किए जाने की वारदात के बाद पुलिस की तरफ से पूरी मुस्तैदी बरती जा रही है। रविवार दोपहर फेज-7 में लगाए पुलिस नाके पर चेकिंग के दौरान एक कार में से विभिन्न तरह की बंदूकों से भरा बैग बरामद किया गया।
हथियारों से भरा बैग मिलने की सूचना पर मटौर थाना के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बैग, कार और कार में सवार तीनों युवकों को थाने ले जाया गया। इसके बाद हथियारों की जांच और हिरासत में लिए युवकों से पूछताछ के बाद सामने आया कि बैग में मिले सभी हथियार डमी हैं और इनको यूपी में एक पंजाबी फिल्म की शूटिंग के लिए ले जाया जा रहा था।
जांच अधिकारी मटौर थाना प्रभारी नवीन पाल सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर मोहाली फेज-7 में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। अलग-अलग जगह नाके लगाए गए थे। इस दौरान एक पोलो कार को रोककर जब जांच की गई तो उसमें से एक बैग बरामद हुआ। बैग को खोलकर देखा गया तो उसमें से एके-47, सिंगल बैरल और अन्य तरह की बंदूकें थी। हथियारों से भरा बैग मिलते ही बैग, कार और कार में सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया गया। इसके साथ ही मामले की सूचना आलाधिकारियों को दी गई।
गहनता से जांच करने पर सभी हथियार डमी पाए गए। कार में सवार तीनों युवकों से पूछताछ की गई तो पता चला कि यह डमी हथियार यूपी में चल रही एक पंजाबी फिल्म की शूटिंग में इस्तेमाल करने के लिए लेकर जा रहे थे। तीनों युवकों में से एक युवक यह डमी हथियार किराए पर देने का काम, एक युवक शूटिंग का सेटअप लगाने का काम व एक शूटिंग से संबंधित अन्य काम करता है।