मोहाली। जमीन खरीदने के नाम पर रिटायर्ड एसडीएम से 24 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मटौर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को काबू कर लिया है, जिसकी पहचान बलजीत सिंह निवासी सेक्टर-70 के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
रिटायर्ड एसडीएम भारत भूषण को आरोपी बलजीत सिंह ने कहा कि वह अपनी बेटी का दाखिला करवाना चाहता है। उसे रुपयों की जरूरत है। ऐसे में वह पटियाला में अपनी 7 कनाल जमीन बेचना चाहता है। दोनों के बीच करीब 24 लाख में समझौता हो गया। भारत भूषण ने पहले 13 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से बलजीत को भेजे। इसके बाद तीन लाख नकद दिए और फिर आठ लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भेजे थे। इसके बाद बलजीत सिंह ने न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही रुपये लौटाए। वहीं, बलजीत की तरफ से दिया गया चेक भी बाउंस हो गया था।
जिक्रयोग है इलाके में ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारी व प्रशासनिक अफसर भी अब ठगी का शिकार हो रहे हैं। इस तरह के मामले मुल्लांपुर समेत कई थानों में दर्ज हो चुके हैं।