कांग्रेसी नेता सुरेश खटकड़ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
बेटी ने पिता के गुम होने की दर्ज करवाई शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर।
कांग्रेसी नेता सुरेश खटकड़ शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। अपने पिता के लापता होने की सूचना बेटी शिवानी ने बलटाना पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है। शिकायत मिलते ही पुलिस की टीमें खटकड़ की तलाश में अलग-अलग जगह छापेमारी कर रही है, लेकिन रविवार देर रात तक उनका कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला।
शिवानी खटकड़ ने बताया कि उसके पिता शनिवार दोपहर चंडीगढ़ जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन रविवार देर रात तक वापस नहीं आए। जाते समय वे अपना फोन घर ही छोड़ गए। इसका कारण समझ नहीं आ रहा है। शिवानी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पिछले कुछ दिनों से वह बहुत परेशान थे, जिसका कारण पूछने पर उन्होंने कुछ नहीं बताया।
जान से मारने की मिल रही थीं धमकियां
उल्लेखनीय है कि गत विधानसभा चुनाव में सुरेश खटकड़ ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। इस दौरान उनका पड़ोस में एक परिवार से झगड़ा हो गया था, जिसमें उसको और उनकी पत्नी ज्योति को गंभीर चोटें आई थीं। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन है। इस केस को वापस न लेने की सूरत में कांग्रेस के ही एक बड़े नेता द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसको लेकर वे डिप्रेशन में थे।
पुलिस की टीमें कांग्रेसी नेता की तलाश में जुटी
सुरेश खटकड़ के पास मोबाइल न होने के कारण उन्हें ट्रेस करने में समय लग रहा है। पुलिस को अलग-अलग थानों, बस स्टैंड समेत रेलवे स्टेशनों पर अलर्ट कर दिया है। सुरेश के खिलाफ एक मामला चौकी में दर्ज है, जिसकी गिरफ्तारी के आर्डर अभी कोर्ट से रिलीव होने हैं। सुरेश खटकड़ की तलाश में छापेमारी जारी है।
-सतिंदर सिंह, इंचार्ज, बलटाना पुलिस चौकी।