गैंगस्टर पहुंचे मोहाली, अब खुलेंगे कई राज
अदालत ने आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर भेजा
आरोपियों से डेराबस्सी पुलिस द्वारा की जाएगी पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
मोहाली व दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए पांच गैंगस्टरों को मोहाली पुलिस सोमवार को यहां ले आई। आरोपियों में गैंगस्टर हरियाणा के जिला हिसार निवासी दीपक, सुमित, झज्जर निवासी सुमित व कृष्ण के अलावा दिल्ली निवासी टिंकू शामिल है। पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। पांचों को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, अब आरोपियों से डेराबस्सी पुलिस द्वारा पूछताछ की जानी है। क्योंकि आरोपियों ने मोहाली जिले में अधिकतर वारदातें डेराबस्सी क्षेत्र में की है। उम्मीद है पूछताछ में कई राज खुलेंगे।
जानकारी के मुताबिक, गैंगस्टरों ने छह सितंबर 2017 में बनूड़ के राजोमाजरा रोड पर बनूड़ की पार्षद प्रीति वालिया के पति दलजीत सिंह की गोली मारकर हत्या और उसके दो साथी को घायल कर दिया था। प्रीति वालिया निर्दलीय जीतकर पार्षद बनीं थी, लेेकिन बाद में उनका परिवार कांग्रेस को समर्थन करने लगा। कार में सवार होकर आए करीब पांच हमलावर अपना वाहन छोड़कर छीनी गई दूसरी कार में फरार हो गए थे। इस गैंग के आरोपियों के खिलाफ जीरकपुर थाने में आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज है। इस बारे में सतविंदर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। 2014 में उसने चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित कॉलेज में दाखिल लिया था। वहां पर संपत नेहरा भी पढ़ता था। वह बिना कारण परेशान करता रहता था। इसी बीच 2016 में वह अपनी स्विफ्ट कार में अपने दोस्त के पास गया था। वहां से उसे जिम जाना था। वह दोनों कार में बैठ गए। तभी पीछे से संपत नेहरा और उसके साथी वहां पर पहुंच गए। उन्होंने उस पर हमला कर दिया था। इस हमले में वह बाल बाल बच गए थे। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा गोली मारी, जिसके बाद वह मौका पाकर वहां से फरार हो गए थे। इसके अलावा डेराबस्सी में कार छीनने का केस दर्ज है।