पुलिस ने इंटर स्टेट गैंग के छह मेंबर 10 किग्रा. अफीम समेत काबू
- स्टेट ऑपरेशन सेल की ओर से गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
- आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल, जबकि तीन लोग झारखंड के भी है
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने एक इंटर स्टेट गैंग के छह सदस्यों को काबू कर दस किलोग्राम अफीम बरामद की है। आरोपियों में तीन झारखंड व तीन आरोपी पंजाब के निवासी हैं। वहीं, तस्करों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों से नकदी तथा स्विफ्ट कार भी बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ गुरविन्द्र सिंह उर्फ सुक्खा निवासी नया गांव (जिला संगरूर), बलदेव सिंह उर्फ गेजू निवासी गांव थरूआ (जिला पटियाला), बलजिन्द्र सिंह निवासी गांव अरनों (जिला पटियाला), सुरेश कुमार उर्फ गंजू, मीना देवी, पूनम देवी (तीनों निवासी झारखंड) के तौर पर हुई है। आरोपियों को देर शाम ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
शंभू बैरियर के माध्यम से कर रहे थे तस्करी
स्पेशल ऑपरेशन सैल के डीएसपी तेजिन्द्र सिंह संधू ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त गैंग के सदस्य जिला पटियाला के शंभू बैरियर के रास्ते से भारी मात्रा में अफीम लेकर पंजाब में दाखिल हो रहे थे। आरोपी सुरेश कुमार उर्फ गंजू इस तस्करी के लिए दो महिलाओं का प्रयोग भी कर रहा है। टीम ने नाके से गुजर रही स्विफ्ट डिजायर कार को रोक कर चेकिंग की तो उसमें अफीम बरामद हो गई।
महिलाओं ने बैग और पर्स में छुपा रखी थी अफीम
जानकारी के मुताबिक कार में बैठी दोनों महिलाओं में से एक महिला ने अपने लेडीज पर्स व दूसरी ने कपड़ों वाले बैग में अफीम छुपा कर रखी हुई थी। ताकि उन पर कोई शक न हो सके। पता चला है कि तस्कर अफीम को इधर-उधर सप्लाई करने वालों को 5 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से पैसे देते थे।
फंसे न इसलिए महिलाओं से करवाते थे तस्करी
मुख्य आरोपी सुखदेव सिंह उर्फ गुरविन्द्र सिहं उर्फ सुक्खा अपने घर बैठे-बैठे ही झारखंड निवासी तस्कर के साथ फोन पर संपर्क रखता था। न तो झारखंड वाला अफीम देने के लिए कहीं जाता था और न ही सुक्खा अफीम लेने जाता था। ये दोनों तस्कर टैक्सी चालकों व महिलाओं से अफीम की तस्करी करवाते थे ताकि वे खुद न फंस सकें।
पूरा परिवार इसी काम में लगा हुआ है
सुखदेव सिंह उर्फ गुरविन्द्र सिंह उर्फ सुक्खा करीब 10 साल से अफीम की तस्करी करता आ रहा है। इससे पहले उसका पिता व एक भाई भी यही धंधा करते थे। पिता की मौत हो गई थी और उसका भाई परमजीत सिंह एनडीपीएस एक्ट तहत एक केस में झारखंड की रांची जेल में सजा काट रहा है। आरोपी सुक्खा नशे का मुख्य तस्कर है। उसके खिलाफ पंजाब के अलग-अलग थानों में दस केस दर्ज हैं। वह इस समय में झारखंड के जिला छत्तरा क्षेत्र के स्मगलर के संपर्क में था। जिस से वह अफीम की खरीद करता था। आरोपी बलदेव सिंह उर्फ गेजू तथा बलजिन्द्र सिंह दोनों टैक्सी चालक हैं और वे टैक्सी की आड़ में नशे की स्मगलिंग करते थे।
पेमेंट देने के समय पकड़े गए
डीएसपी संधू ने बताया कि आरोपी सुक्खा दिल्ली से अफीम लेकर आ रहे आरोपियों को शंभू बैरियर पर पैसे पकड़ाने गया था। जहां से झारखंड से आए आरोपियों ने वापिस होना था। जैसे ही सभी आरोपी वहां इकट्ठे हुए तो पुलिस ने दबोच लिये। अफीम सहित पकड़े गए आरोपियों से पुलिस को उनके नक्सलवादियों से संबंध होने की भी आशंका है। पुलिस का मानना है कि अफीम की खेती झारखंड के जंगलों में होती है।