मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में बोलेरो जीप ने एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक्टिवा चालक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पीछे बैठे 16 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश बहादुर के रूप में हुई है जोकि मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है। वह इंडस्ट्रियल एरिया में अपनी मां के साथ रहता था। थाना फेज-1 में तैनात सब-इंस्पेक्टर व मामले के जांच अधिकारी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। बोलेरो जीप चालक जसपाल सिंह निवासी खरड़ के खिलाफ आईपीसी की धारा 279ए 337, 427 व 304ए के तहत केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि बच्चे के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बच्चे के कुछ रिश्तेदारों का नेपाल से आने का इंतजार है, जिसके बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
प्रकाश बहादुर अपनी बुआ की बेटी ऊषा के साथ एक्टिवा स्कूटर पर इंडस्ट्रियल एरिया में किसी काम से जा रहा था। एमओआई लाइटों से पुलिस स्टेशन की ओर इंडस्ट्रियल एरिया के मोड़ पर पीछे से आई बोलेरो जीप के चालक ने एकदम से जीप मोड़ ली। इसी दौरान एक्टिवा जीप की चपेट में आ गई और ऊषा और प्रकाश के सिर में चोटें आईं। दोनों को फेज-6 के सिविल अस्पताल में ले जाया गया जहां से उन्हें सेक्टर-32 चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। सेक्टर-32 अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रकाश बहादुर को मृत घोषित कर दिया जबकि ऊषा की हालत गंभीर बताई जा रही है।