- एक महिला व अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
-
अमर उजाला ब्यूरो
बनूड़/लांडरां। ज्ञान सागर अस्पताल में कीमती मशीनों व अन्य चीजें चोरी होने के मामले में अस्पताल की एक मुलाजिम डीमा और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 4 करोड़ के करीब राशि का सामान चोरी होने संबंधी अस्पताल के प्रबंधक अधिकारी जय कृष्ण शर्मा ने शिकायत दर्ज करवाई गई थी। थाना प्रभारी सुरिन्द्रपाल सिंह ने बताया कि कमेटी द्वारा की सिफारिश के बाद उक्त मामले में डीमा नामक महिला समेत कुछ अज्ञात व्यक्तियों पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच में जिन व्यक्तियों का नाम सामने आएगा उनको मुकदमें में शामिल कर लिया जाएगा।
ज्ञान सागर के प्रबंधक अधिकारी जे के शर्मा व फाउंडर चेयरमैन हरनाम सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख को दी शिकायत में कहा था कि ज्ञान सागर में बड़ी स्तर पर ऐसी, एक्सरे की कीमती मशीनें, कंप्यूटर, फ्रिज, एलसीडी और कीमती चीजें चोरी हुई हैं, जिनकी कीमत 4 करोड़ से अधिक बनती है। अस्पताल की मैनेजमेंट की मांग पर जिला पुलिस प्रमुख ने कमेटी का गठन कर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए थे। अस्पताल के प्रबंधकों द्वारा इस मामले संबंधी लंबे समय से उच्च स्तरीय कार्रवाई की मांग की जा रही है।
यह भी पता चला है कि अस्पताल की डीमा नामक उक्त मुलाजिम महिला की कुछ दिन पहले ही मौत हो चुकी बताई जा रही है। उक्त महिला किडनी के रोग से पीड़ित बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने महिला की मौत संबंधी जांच करने की बात भी कही है।