आरोपियों ने पहले एक्साइज विभाग के अधिकारियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की
फिर एक्साइज विभाग ने कार का पीछा शुरू किया
आरोपियों को लग गई थी भनक, फिर कार छोड़ हुए फरार
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। कर एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों ने जान को जोखिम में डालकर एक शराब से भरी बोलेरो पिकअप पकड़ी है। कार से शराब की दो सौ पेटियां बरामद हुई हैं। हालांकि आरोपी कार को छोड़कर फरार हो गए। एक्साइज विभाग ने इस संबंधी थाना खमाणू में एक्साइज विभाग के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
सहायक आबकारी व कर कमिश्नर परमजीत सिंह ने बताया गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी व कर अफसर विनोद पाहुजा की टीम तुरंत हरकत में आ गई। इसके बाद खरड़ मोरिंडा रोड पर नाकेबंदी की गई थी। इस दौरान एक बोलेरो पिकअप रोकने का इशारा किया। कार सवारों ने कार को रोकने की बजाय आबकारी विभाग के अधिकारियों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी गाड़ी को लेकर फरार हो गए। आबकारी विभाग ने उक्त कार का पीछा शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी चंडीगढ़ लुधियाना रोड की तरफ गाड़ी भगाकर ले गए। मोहाली आबकारी स्टाफ ने तुरंत फतेहगढ़ साहिब आबकारी विभाग को सूचित किया गया। इसकी भनक पहले ही आरोपियों को लग गई थी। आरोपी नाके से पहले ही गाडी को छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान गाड़ी की तलाशी ली गई तो उससे दो सौ पेटियां शराब की बरामद हुई। इस संबंधी थाना खमाणू में केस दर्ज किया गया है। जिक्रयोग है कि इससे पहले खरड़ में पुलिस विभाग ने चार सौ के करीब शराब की पेटियां बरामद की थी। इस पर आरोपियों पर केस दर्ज किया गया।