लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगी कर कंपनी रातोंरात फरार
पंजाब के विभिन्न एरिया के लोगों की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
पुलिस द्वारा आरोपियों की जा रही है तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। लोगों को विदेश भेजने के नाम पर सेक्टर-70 स्थित एक इमीग्रेशन कंपनी द्वारा ठगी का मामला समाने आया है। मटौर थाने की पुलिस ने जसविन्द्र सिंह व कई अन्य लोगों की शिकायत पर बठिंडा इमीग्रेशन कंस्लटेंट्स कंपनी के मालिक विजय कुमार गर्ग व शाकसी के खिलाफ आईपीसी की धारा 406, 420 व इमीग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत केस दर्ज किया है।
एसएचओ मटौर राजीव कुमार ने केस दर्ज करने की पुष्टि की है। जसविन्द्र सिंह निवासी गांव बलाड़ी कलां (फतेहगढ़ साहिब), हरदीप सिंह निवासी गांव बहेड़ (फतेहगढ़ साहिब), भूपिन्द्र सिंह निवासी गांव जवंधा (फतेहगढ़ साहिब), संतोष सिंह निवासी गांव मैहता, दलजीत सिंह निवासी सिधार (लुधियाना) आदि सहित अन्य कई लोगों ने बताया कि उन्होंने अखबार में विज्ञापन देखकर सेक्टर 70 स्थित बठिंडा इमीग्रेशन वीजा कंसलटेंट्स से विदेश जाने के लिए संपर्क किया था। कंपनी ने कुवैत, दुबई तथा अन्य देशों में वर्क परमिट पर भेजने के नाम पर उन से पैसे, पासपोर्ट व अन्य कागजात ले लिए थे। उसके बाद उन्हें जाली वीजे देकर फिर पैसे ले लिए गए। जब लोगों को पता चला कि उन्हें विदेश भेजने के नाम पर ठगी हो चुकी है तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। कंपनी के मालिक व स्टाफ आफिस को ताला लगाकर फरार हो गए हैं।