विदेश भेजने के नाम पर 2.91 लाख ठगे
मटौर थाने में एक नामी इमीग्रेशन कंपनी के मालिक पर केस दर्ज
पुलिस जांच में जुटी, अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर 2 लाख 91 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले मटौर थाने की पुलिस ने गांव फतेहपुर टपरियां निवासी दविंदर सिंह की शिकायत पर फेज-3बी2 स्थित वर्ल्ड की ओवरसीज के मालिक बलजिंदर सिंह गरेवाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया था कि उसने विदेश जाने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने आरोपी से मुलाकात की। उन्होंने उसे 2 लाख 91 हजार 240 रुपये विदेश भेजने के लिए दे दिए थे। लेकिन आरोपियों ने न तो उसके पैसे वापस किए और न ही उसे विदेश भेजा। वह आरोपियों के दफ्तर भी पेमेंट लेने के लिए कई बार गया। लेकिन आरोपी ने उनकी एक नहीं सुनी। इतना ही नहीं बाद में तो उसके फोन तक उठाने बंद कर दिए थे। इसके बाद उसकी तरफ से इस बारे में एसएसपी को शिकायत दी गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पर केस दर्ज किया है।
मोहाली जिले में विदेश भेजने के नाम पर कई मामले सामने आ चुके हैं। इतना ही नहीं विदेश भेजने के नाम पर ठगी संबंधी भी सबसे ज्यादा केस मोहाली में दर्ज हुए हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
एक साल के बाद दर्ज हुआ केस
पीड़ित ने बताया कि उसने इस संबंध में दिसंबर 2017 में एसएसपी को शिकायत दी थी। जिसके बाद काफी समय तक यह मामला लटका रहा। अब जाकर पुलिस की तरफ से इस बारे में केस दर्ज किया गया है।