साइकिल पर बोरी में भरकर ला रहा था चंडीगढ़ की शराब, केस
- गुप्त सूचना पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने किया गिरफ्तार
- अदालत ने भेजा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो।
जीरकपुर। बलटाना पुलिस को एक व्यक्ति को शराब की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान साहिल दास निवासी आसाम के रूप में हुई है, जो यहां दिहाड़ी करने के लिए आया था और ज्यादा पैसों के लालच में शराब की तस्करी का काम शुरू कर दिया।
हेड कांस्टेबल चमकौर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि बलटाना में कोई व्यक्ति चंडीगढ़ से शराब लाकर बेच रहा था, जो गैरकानूनी है। पुलिस ने सूचना को आधार बनाकर मुखबिरों की मदद के बाद हरमिलाप नगर के रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। वहीं, प्रत्येक व्यक्ति को रोक कर उसकी तलाशी ली, इस दौरान साइकिल पर सवार होकर जा रहे साहिल को पुलिस ने शक के आधार पर रोका। पूछताछ के दौरान साहिल की साइकिल पर सफेद बोरी बरामद हुई, जिसमें आरोपी चंडीगढ़ की 18 बोतलें शराब लेकर आ रहा था। साहिल ने अपना जुर्म कबूलते हुए पुलिस को बताया कि उक्त शराब वह बलटाना में सप्लाई करता है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।