घर के ताले तोड़ चोर गहने और समान ले गए चोर
डेराबस्सी में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना
पुलिस स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर चोरों ने वारदात को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी।
पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित टेकू कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। चोर घर के ताले तोड़कर लाखों के गहने और कीमती सामान ले गए। पीड़ित परिवार घर में ताला लगाकर विवाह समारोह में शामिल होने गया हुआ था। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाकर सबूत इकट्ठा किया।
पीड़ित अमित कुमार ने बताया कि छह फरवरी की शाम वह परिवार के साथ एक विवाह समागम में हिस्सा लेने गए थे। अगले दिन वापस आकर देखा तो घर के ताले टूटे पड़े थे और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। मकान मालिक ने बताया कि चोर घर से 10 तोले सोने के गहने, करीब सात हजार की नकदी, चांदी के गहने, 40 इंच की एलसीडी समेत अन्य सामान ले गए। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि चोर तकरीबन साढ़े छह लाख का सामान चोरी कर ले गए।
जिक्रयोग है कि बीते कुछ दिनों से डेराबस्सी में चोरी और लूट मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। बीते दिनों चोर मुबारिकपुर और त्रिवेदी कैंप में छह दुकानों के ताले तोड़ कर हजारों की नकदी और अन्य सामान ले गए थे। सरस्वती विहार कॉलोनी में लुटेरे चाकू दिखाकर दिनदहाड़े घर में घुसकर चार किराएदारों से हजारों की नकदी लूटकर ले गए थे।
थाना प्रभारी सर्बजीत सिंह ने बताया कि उक्त चोरी वाले घर के आसपास काफी निर्माण कार्य चल रहे हैं। इस कारण फिंगर प्रिंट माहिर बुला कर सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस वारदात को सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध रोकने के लिए दिन और रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है।
बॉक्स
कुराली में बंद घर को बनाया निशाना
कुराली। गांव भागोवाल में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों के गहने ले गए। इस संबंध में दर्शन सिंह ने बताया कि वह पड़ोस में ही एक समागम में गए थे। समागम के बाद जब वह लौटे तो देखा कि उनके घर के ताले टूटे पडे़ थे। घर के अंदर गए तो देखा कि उनके कमरे में पड़ी अलमारी के लॉकर का ताला टूटा पड़ा था और उसमें रखे सोने के आभूषण गायब थे। दर्शन सिंह ने बताया कि चोर उनके घर से सोने का एक किटी सेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सेट बालियां चोरी करके ले गए, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये है। दर्शन सिंह ने बताया कि चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि चोरी की इस वारदात की सूचना पुलिस को दे दी गई है।