शराब पीने से रोका तो कांग्रेस नेता ने की ढाबा मालिक और बेटे से मारपीट
फेज-5 में शनिवार रात को हुई घटना, नशे में धुत्त था कांग्रेस नेता, मेडिकल में हुई पुष्टि
पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। फेज-5 में शनिवार रात को एक ढाबे पर कांग्रेस नेता ने अपना रौब दिखाते हुए ढाबा मालिक व उसके बेटे पर हमला कर दिया। साथ ही खुद भी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता का मेडिकल करवाया तो उसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई।
जिला कांग्रेसी कमेटी के महासचिव परमजीत सिंह चौहान शनिवार रात को फेज-5 में एक ढाबे पर खाना खाने के लिए अपने दोस्तों के साथ पहुंचे। ढाबा मालिक का बेटे रोमन ने बताया कि खाने का आर्डर देने के बाद उक्त व्यक्ति अपनी कार में से शराब की बोतल निकाल लाया और टेबल पर रख ली। रोमन ने बताया कि जब उसने उन्हें शराब पीने से मना किया तो वह अपने पद और पार्टी का रौब झाड़ने लगा। उसने कहा कि वह कांग्रेस नेता है, इसलिए ढाबा मालिक को पुलिस तंग नहीं कर सकेगी। जब ये व्यक्ति शराब पीने से नहीं रुके तो रोमन ने अपने पिता दलीप सिंह बिष्ट को फोन करके बुला लिया। दलीप सिंह ने आकर उन्हें शराब पीने से रोका तो वे उसे धमकाने लगे। कांग्रेस नेता परमजीत तथा उसके साथियों ने ढाबे का सामान बिखेर दिया और गाली गलौज की। देखते ही देखते परमजीत ने उसके पिता दलीप सिंह के सिर पर ईंट मार दी जिससे वह घायल हो गए। इसी दौरान रोमन के भी चेहरे पर ईंट लगने से चोटें लगीं। रोमन ने बताया कि इसी दौरान हमला करने वाला कांग्रेस नेता भी नीचे गिर पड़ा जिसने काफी शराब पी हुई थी। पता चला है कि उसे भी चोट लगी है और माथे पर आठ टांके लगे हैं।
मैंने किसी पर हमला नहीं किया : परमजीत
परमजीत सिंह का कहना है कि उसने किसी पर हमला नहीं किया बल्कि ढाबे के वर्करों ने उनसे हाथापाई करके घायल किया है। उन्होंने कहा कि किसी को कोई राजनीतिक धमकी नहीं दी गई है। पुलिस की जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता परमजीत सिंह का मेडिकल करवाया गया था, जिसमें उनके शराब पी होने के बारे में पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।