गांव मोर ठीकरी में दिनदहाड़े घर से लाखों के गहने ले गए चोर
पंचकूला सिविल अस्पताल में काम करते हैं मकान मालिक पति पत्नी
अमर उजाला ब्यूरो
डेराबस्सी। मुबारिकपुर रामगढ़ रोड स्थित गांव मोर ठीकरी की गोकुल धाम कालोनी में चोर दिनदहाड़े एक बंद घर से लाखों के गहने चोरी कर ले गए। मुबारिकपुर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मकान मालिक अरविंद कुमार निवासी मकान नंबर 60 गोकुल धाम कालोनी गांव मोर ठीकरी ने बताया कि वह पंचकूला सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में बतौर हेल्थ सुपरवाइजर के तौर पर तैनात है। उसकी पत्नी भी इसी अस्पताल में स्टाफ नर्स है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह और उसकी पत्नी चार जुलाई को ड्यूटी पर गए थे, जबकि बच्चे स्कूल गए थे। शाम को साढ़े सात बजे जब वापस आए तो घर के मेन गेट का ताला पहले की तरह लगा था। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम का दरवाजा खुला था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। शिकायतकर्ता ने कहा कि चोर अलमारी से करीब 20 तोले सोने, 600 ग्राम चांदी के गहने और 1200 की नकदी ले गए। चोर घर के पीछे स्थित गोल्फ रेंज की ओर से दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद खिड़की की ग्रिल तोड़कर कमरों में घुसे। शिकायतकर्ता ने आठ से नौ लाख रुपये नुकसान होने का अनुमान जताया है। उसने बताया कि डेढ़ साल पहले ही यहां पर शिफ्ट हुआ था। अभी घर में काम चल ही रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके घर के पीछे स्थित रामगढ़ गोल्फ रेंज में सुरक्षा के प्रबंध नहीं है। चारों ओर दीवार छोटी है, जहां से चोर उसके घर में दाखिल हुए। मुबारिकपुर चौकी इंचार्ज एएसआई भिंदर सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के चोरी का केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।