मोहाली। गंगानगर राजस्थान के एक युवक को आस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। युवक का कहना है कि ठगी करने वाला एजेंट उसके पैसे वापस नहीं कर रहा है। साथ ही उसे धमकियां दे रहा है कि वह उसका कुछ भी नहीं बिगाड़ सकता है। पीड़ित ने इस संबंधी एसएसपी हरचरण सिंह भुल्लर से मुलाकात कर उन्हें अपनी शिकायत दे दी है। वहीं, पीड़ित के पक्ष में लोक इंसाफ पार्टी की जिला इकाई भी आ गई है।
पीड़ित सिद्धार्थ ने बताया कि दिसंबर 2018 एक टीवी चैनल पर फेज-3बी2 की एक कंपनी का विज्ञापन देखा था। इसके बाद वह कंपनी में पहुंचा। कंपनी की महिला मुलाजिमों ने उसे आस्ट्रेलिया में स्टडी वीजा पर भेजने की बात कही। इस दौरान उससे आरोपियों ने विभिन्न चरणों में छह लाख रुपये ले लिए। उन्हें कहा कि उनका केस लग गया। वह अपनी तैयारी करके रखे। गत माह कंपनी की तरफ से कहा गया कि उनका केस रिजेक्ट हो गया है। इसके बाद वह जब कंपनी के दफ्तर गए तो कंपनी वालों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने लोक इंसाफ पार्टी के प्रधान व लुधियाना के विधायक सिरमनजीत सिंह मान से मुलाकात की । इसके बाद वह उक्त पार्टी की जिला इकाई के प्रधान के साथ कंपनी के दफ्तर में गए लेकिन कंपनी वालों ने उसे पैसे देने से मना कर दिया ।