जीरकपुर। एटीएम से पेंशन निकलवाने गए एक बुजुर्ग का धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग ने इसकी शिकायत संबंधित बैंक प्रबंधन और पुलिस में दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रीत कालोनी के रहने वाले रणजीत सिंह ने बताया कि वह सरकारी पद से रिटायर हैं। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अंबाला रोड पर परमार पेट्रोल पंप पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से पेंशन निकलवाने गए थे। उन्होंने बताया कि एटीएम केबिन में पहले से 3 युवक और 2 महिलाएं मौजूद थीं। इनकी मौजूदगी में उन्होंने कैश निकलवाया और गिनती शुरू कर दी। इस बीच केबिन में मौजूद एक युवक ने उन्हें बातों में उलझाया और इस बीच उसका एटीएम कार्ड बदल दिया।
शिकायत के अनुसार कैश निकलवाने के बाद रणजीत घर लौट आए। अगली सुबह मोबाइल पर 20 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। जांच की तो पता चला कि किसी ने रणजीत सिंह का एटीएम कार्ड बदल दिया और चंडीगढ़ के सेक्टर-46/47 से पहले 15 हजार और फिर 5 हजार रुपये निकलवा लिए। रणजीत सिंह ने तुरंत अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक करवाया और लिखित शिकायत पुलिस एवं बैंक प्रबंधन को दर्ज करवाई। जांच अधिकारी एएसआई हरजिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।