मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर रविवार रात को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को पीछे से हिट कर दिया। हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप में जख्मी हो गए। चालक मौके पर ही कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बलौंगी थाने से मिली जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट रोड पर हादसा उस समय हुआ, जब साहिल बाइक पर अपने बड़े भाई शुभम और उसके दोस्त स्वतंत्र के साथ जा रहा था। बाइक स्वतंत्र चला रहा था, जबकि वह दोनों पीछे बैठे थे। इसी बीच उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार कार ने हिट कर दिया। हादसे के बाद वह तीनों सड़क पर गिरे। इस दौरान सारे गंभीर रूप में जख्मी हो गए। राहगिरों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि शुभम और स्वतंत्र को जीएमसीएच-32 में ले जाया गया। वहां पर दोनों को आईसीयू में रखा गया है। वहीं, पता चला है कि साहिल एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। साहिल के पिता स्कूल टीचर थे, जिनकी पांच महीने पहले मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
जिक्रयोग है कि एयरपोर्ट रोड पर लगातार सड़क हादसे होते हैं। इसके पीछे कई कारण हैं। एक तो इलाके में रोड सही नहीं बने हुए हैं, जिसके चलते यह सब हो रहा है। हाल ही मेें पुलिस ने इस संबंधी एक स्टडी भी करवाई थी।