जीरकपुर। वीरवार रात को बलटाना की मेन मार्केट की चार और लोहगढ़ की एक दुकान का ताला तोड़कर चोर हजारों का कैश और सामान चुरा ले गए। चोरी सुबह तीन बजे हुई। घटना की जानकारी पीड़ित दुकानदारों को सुबह मिली। सूचना पाकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शहर में एक साथ पांच दुकानों के ताले टूटने से व्यापारियों में पुलिस की गश्त को लेकर रोष है। बलटाना मेन मार्केट की शॉप नंबर दो के मालिक गिरीश जैन ने बताया कि उनकी दुकान से चोर 15 हजार रुपये चुरा ले गए। वहीं मार्केट में ही दो दुकान छोड़कर शॉप नंबर चार से करीब पांच हजार रुपये, दुकानदार हंसराज जिंदल की दुकान से करीब तीस हजार रुपये चोरी हुए हैं। वहीं लोहगढ़ केमिस्ट शॉप संचालक राजेश गर्ग ने बताया कि उनकी दुकान से चोर दो हजार रुपये और पांच हजार का सामान चुरा ले गए। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी को भी दोपहर में उनकी दुकान में चोरी हुई थी।