फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मर्सिडीज कार में बैठकर कारोबारी ने खुद को मारी गोली

विज्ञापन
विज्ञापन
मोहाली/लांडरां। मानसिक रूप से परेशान चल रहे एक कारोबारी ने वीरवार को अलसुबह अपनी मर्सिडीज कार में बैठकर खुद को गोली मार ली। मृतक की पहचान अमनदीप सिंह (38) निवासी सेक्टर-110 के रूप में हुई, जोकि लांडरां स्थित ताज मार्बल स्टोर का मालिक है। इसके अलावा होटल व उसके कई अन्य कारोबार भी थे। मृतक का दस साल का बेटा भी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया और कार व पिस्टल को कब्जे में ले लिया। मामले में धारा 174 के तहत की कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन

यह मामला सेक्टर-112 चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के बैक साइड में स्थित पानी की टंकी के पास का है। वीरवार सुबह टंकी पर पानी भरने के लिए गोबिंद नामक युवक आया। उस समय अंधेरा था। कार की लाइटें जल रही थीं। उसे लगा कि कोई अपनी कार में बैठा है। ऐसे में गोबिंद सीधा वहां से निकल गया। जब वह वापस आया तो उसने देखा कि कार की लाइटें अभी भी जल रही हैं और एसी भी ऑन है। उसने पास जाकर देखा तो व्यक्ति खून से लथपथ मृत हालत में ड्राइविंग सीट पर बैठा था। गोबिंद पास लगते ट्रेनिंग सेंटर पर पहुंचा और वहां बहादुर सिंह को सारी बात बताई। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर आकर देखा तो कार अंदर से बंद पड़ी थी। कार का शीशा खोला और मृतक को निकाला गया।

बुधवार को ही रिवाल्वर वापस ली थी
सूत्रों से पता चला है कि जिस रिवाल्वर से अमनदीप ने गोली चलाई है, वह चुनाव के चलते उसने जमा करवाई हुई थी, जिसे बुधवार को ही लेकर आया था।

काफी देर तक 100 नंबर पर नहीं लगी कॉल
इलाके के लोगों ने बताया कि जब गोबिंद व बहादुर सिंह ने युवक का शव कार में देखा तो 100 नंबर पर फोन किया, लेकिन काफी देर तक 100 नंबर पर कॉल ही नहीं लगी।

कार की वीडियोग्राफी करवाई
मृतक के परिजनों ने बताया कि अमनदीप कुछ समय से तनाव व परेशानी में था। वहीं, पुलिस को उसकी कार से खाने का डिब्बा व पानी की बोतल मिली है। पुलिस ने कार की वीडियोग्राफी भी करवाई।
विज्ञापन


अमनदीप अच्छे परिवार से रखता है संबंध
मृतक अमनदीप अच्छे परिवार से संबंध रखता है। उसके पिता मेवा सिंह गमाडा से एक्सईएन रिटायर हैं, जबकि चाचा कर्मजीत सिंह सरा सीनियर आईएएस अधिकारी हैं।

फोन कॉल डिटेल की जा रही चेक
थाना सोहाना के एसएचओ मनफूल सिंह ने बताया कि अमनदीप सिंह की आत्महत्या की सूचना सुबह साढ़े छह बजे मिली थी। मोटर पर पानी चलाने वाले ने उन्हें सूचना दी थी। उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह साढ़े तीन बजे के आसपास की लग रही है। मृतक की मर्सिडीज कार से 32 बोर की रिवाल्वर भी बरामद हुई है। जांच में पता चला है कि उसने खुद को गोली मारी है। मृतक के फोन की कॉल डिटेल निकलवाने के लिए कंपनी को लिखा है, ताकि पता लगाया जा सके कि आत्महत्या करने से पहले उसकी किस किस से बात हुई है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फिर भी विभिन्न एंगलों से मामले की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूतों को इकट्ठा किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें