जीरकपुर। वीआईपी रोड जैसे पॉश एरिया में एक युवक मामूली कहासुनी में पिस्टल से फायर करके एक युवक को जख्मी करके फरार हो गया, परंतु छह दिन बाद पुलिस आरोपी को ढूंढ पाने में नाकाम रही है।
बीते सोमवार की देर रात करीब पौने 12 बजे बलटाना की सैणी विहार कालोनी का रहने वाला अभिषेक दोस्त के साथ वीआईपी रोड पर आइसक्रीम खाने आया था, परंतु रास्ते में एक एक्टिवा सवार ने उन्हें ओवरटेक किया। जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। बात इस कद्र बढ़ गई कि एक्टिवा सवार युवक ने कार सवार अभिषेक पर .32 बोर की पिस्टल से फायर कर दिया, परंतु बीच बचाव के चलते गोली अभिषेक के पैर में लगी।
पुलिस ने जख्मी अभिषेक के बयान दर्ज किए और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने पहले तो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग को खंगाला। इसके बाद पूरी वीआईपी रोड पर स्थित मार्केट की दुकानों के बाहर लगे सारे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग को खंगालकर जांच की, परंतु आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।
कोट्स :::
सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग से आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला, परंतु हफ्ते-दस दिन में गोली चलाने वाले आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-बलजिंदर सिंह, एएसआई-कम-जांच अधिकारी, जीरकपुर पुलिस थाना।