जीरकपुर। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित ग्लोबल बिजनेस पार्क माल में स्थित डिस्कोथेक जंकयार्ड में बाउंसरों द्वारा एक युवक से मारपीट करके उसको जख्मी करने का मामला सामने आया है। यह घटना शनिवार की है। इस घटना का पता तब चला जबकि मंगलवर को सोशल मीडिया में घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो में बाउंसरों की गुंडागर्दी सरेआम दिखाई दे रही है। जिसमें यह बाउंसर एक युवक को बेदर्दी से पीट रहे हैं। यह बाउंसर युवक पर लात-घूंसे और डंडे बरसा रहे हैं।
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ग्लोबल बिजनेस पार्क की पहली मंजिल पर स्थित जंकयार्ड डिस्कोथेक में एक युवक पार्टी में शामिल होने के लिए आता है, उसकी क्लब में मौजूद बाउंसरों कहासुनी होती है और बाउंसर युवक को धक्कामुक्की करते हुए युवक को क्लब से बाहर धकेल देते हैं। इतने में बाहर बाउंसर युवक को घेरकर पीटना शुरू कर देते हैं। क्लब के बाहर बालकनी में मौजूद अन्य बाउंसर युवक की एक के बाद एक लात-घूंसे और डंडों के साथ पिटाई करना शुरू कर देते हैं। इससे उसे को गंभीर चोटें आई। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि बाउंसरों के हाथों पिट रहे युवक ने अपने दोनों हाथ जोड़कर बाउंसरों के सामने माफी मांगते हुए छोड़ने की गुहार लगा रहा है। बाउंसरों की टीम और क्लब का अन्य स्टाफ युवक को तब तक पीटते रहे जब तक वह गंभीर रूप से जख्मी नहीं हो गया। काफी देर बाद बाउंसरों के छोडने के बाद गंभीर घायल युवक के जानकार जख्मी हालत में उसे उठाकर अपने साथ लेकर वहां से चले गए।
गश्त पर थे ड्यूटी आफिसर
जंकयार्ड में जब यह घटना घटी, उस रात ड्यूटी ऑफिसर भूपिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ वहां गश्त पर थे। जिन्होंने देर रात डेढ़ बजे ऊंची आवाज में चल रहे गानों को लेकर जंकयार्ड क्लब प्रबंधन खिलाफ डीसी के आदेशों की उल्लंघना के आरोप में मामला दर्ज कर लिया था। मारपीट की घटना का बाउंसरों ने पुलिस अधिकारियों को पता नहीं चलने दिया।
कोट्स :::
क्लब के बाहर बाउंसरों की टीम ने युवक की बुरी तरह से पिटाई की। यह कानून के नियमों की उल्लंघना है। युवक सेे कोई गलती हुई थी तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार पुलिस के पास है। इस मामले में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को आधार बनाकर संबंधित ड्यूटी ऑफिसर को मामले में जांच करने को कहा गया है। इसके साथ ही इस मामले में संलिप्त लोगों को थाने में बुलाकर पूछताछ करने को कहा गया है।
गुरजीत सिंह
एसएचओ
पुलिस थाना जीरकपुर