- कार पर घूम रहा था काली फिल्म लगाकर, पुलिस ने की गाड़ी जब्त
- गांव मटौर में शिव मंदिर के पास सोमवार दोपहर का मामला
- कार रोकी तो युवक ने दिखाया रौब, पीएसओ से करवाई बात
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। गांव मटौर में सोमवार दोपहर उस समय माहौल गरमा गया जब पुलिस पर कार के शीशों पर काली फिल्म लगाकर घूम रहे एक युवक को रोका। इस दौरान युवक ने पहले अपना पूरा रौब व रसूख दिखाया। कार से उतरते ही युवक ने कहा कि वह जज का बेटा है। इसके बाद भी जब बात नहीं बनी तो उसने तुरंत अपने पिता के पीएसओ को फोन मिलाया साथ ही मुलाजिमों से बात करवा दी। हालांकि पुलिस मुलाजिमों ने तुरंत कार के शीशों से फिल्म उतारी और कार की तलाशी ली। साथ ही युवक को कार से जुड़े दस्तावेज पेश करने को कहा, लेकिन कार सवार दस्तावेज भी पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने कार को जब्त कर थाने में छोड़ दी। पीसीआर के इंचार्ज अजय पाठक का कहना है कि किसी को भी नियम तोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक यह बात सोमवार दोपहर की है। जब पीसीआर पार्टी के इंचार्ज अजय पाठक खुद मौके मटौर में शिव मंदिर के पास खड़े थे। तभी उन्होंने दिल्ली नंबर की गोल्डन कलर की होंडा सिटी देखी। कार के शीशों पर काली फिल्म लगी हुई थी। इसी बीच पुलिस ने उसे रोक लिया। साथ ही उससे कार पर फिल्म लगाने का कारण पूछा। इस संबंधी युवक कोई उचित जवाब नहीं दे पाया। साथ ही युवक ने अपना रसूख दिखाना शुरू कर दिया। इस दौरान कार सवार युवक ने पीसीआर इंचार्ज को कहा कि वह जज का बेटा है। उसके पिता दिल्ली हाईकोर्ट में लगे हुए हैं। इस पर पीसीआर इंचार्ज का जवाब था कि क्या आपको काली फिल्म लगाने का अधिकार है। इसी बीच पुलिस ने युवक से कार से जुड़े दस्तावेज दिखाने को कहा है, लेकिन युवक कार संबंधी दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। पुलिस ने युवक की गाड़ी को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की तो युवक ने अपने पिता के पीएसओ को फोन मिला दिया। पीएसओ ने सारी बात बताई। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना था कि नियम तोड़ने का अधिकार किसी को नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उसकी कार को जब्त कर लिया। साथ ही कार को मटौर थाने ले आए। युवक सेक्टर-79 का रहने वाला है। पुलिस जांच में भी सामने आया है कि उसके पिता दिल्ली के रहने वाले हैं।
यह आफेंस पड़ गए मंहगे
जानकारी के मुताबिक युवक के पास न तो गाड़ी की आरसी थी और न ही इंश्योरेंस। इसके अलावा गाड़ी के साइलेंसर में मोडिफिकेशन हुई थी। साथ ही पॉल्यूशन कार्ड भी नहीं था। इसके अलावा कुछ अन्य खामियां थी। कार में चालक पर पांच आफेंस लगाए गए हैं। करीब कार छुड़वाने के लिए कार चालक को दस हजार फीस भरनी होगी।
अपनी गाड़ी में घर छोड़ आई पुलिस
जानकारी के मुताबिक पीसीआर पार्टी कार चालक को थाने ले आई थी। इसके बाद युवक को चालान की कापी दे गई। इसके बाद पुलिस पार्टी युवक को घर छोड़कर आई। जिक्रयोग है कि करीब तीन साल पहले ऐसा मामला आया था। जब पंजाब के किसी जिले के एसएसपी का रौब पुलिस को दिखाया था, लेकिन पुलिस ने उसकी गाड़ी जब्त कर ली थी।
कुछ दिन पहले ही आया था कैलिफोर्निया से
कार चालक युवक ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह कुछ दिन पहले ही कैलिफोर्निया से आया है। कैलिफोर्निया में उसने मसटेंग कार रखी हुई है। वहां पर भी उसने काली फिल्म कर रखी है। लेकिन वहां पर इस तरह की कोई कार्रवाई नहीं होती है।