महिला से की अश्लील हरकतें, कार के शीशे तोड़े
फेज-नौ में एक नामी जिम के बाहर का है मामला
पुलिस ने दो लोगों पर दर्ज किया केस, दोनों आरोपी काबू
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। महिला को जबरदस्ती कार में बैठाने, अश्लील हरकतें करने और महिला के दोस्त से मारपीट करने व कार के शीशे तोड़ने का मामला सामने आया है। थाना फेज-आठ की पुलिस ने वीरवार को फेज-3बी2 स्थित वीर दविंदर सिंह की शिकायत पर सौरभ शर्मा व अमरिंदर सिंह पर यौन उत्पीड़न समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया है। शिकायतकर्ता वीर दविंदर सिंह ने बताया कि रात को वह जिम से निकलकर अपनी महिला दोस्त की कार में बैठे थे। जब वह अपनी कार की तरफ उतरकर जाने लगे तो आरोपी वहां पहुंच गए। अपनी कार उन्होंने महिला दोस्त की कार के आगे लगा दी। साथ ही कार का रास्ता रोक दिया। इस दौरान दोनों आरोपी महिला से अश्लील हरकतें करने लगे। साथ ही जबरदस्ती महिला को अपनी कार में बैठाने की कोशिश करने लग पड़े। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे गालियां निकालना शुरू कर दीं। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई तक की। आखिरी में जब उनकी नहीं चली तो आरोपी उसकी कार के शीशे तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को काबू कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।