15 वर्षीय लड़की फ्लाईओवर से मारी छलांग, जख्मी
माता पिता ने मानसिक तौर पर परेशान होने की बात कही, टूटी टांग
डेराबस्सी। चंडीगढ़ अंबाला मुख्य मार्ग पर स्थित डेराबस्सी फ्लाईओवर पर बीती वीरवार देर रात एक पंद्रह वर्षीय की लड़की ने छलांग मार दी। जख्मी लड़की को गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महिंद्र सिंह ने बताया कि ज्योति (15) बेटी गोकुल प्रसाद हाल निवासी किराएदार गांव हैबतपुर कल शाम अपनी डेराबस्सी मीरा मल्ली निवासी बुआ के घर अपने दो छोटे बहन भाई के साथ मिलने आई थी। रात दस बजे वह अपनी बुआ के घर से मिलकर बहन भाई के साथ पैदल गांव हैबतपुर स्थित अपने घर जाने निकली थी। इस दौरान अचानक उसने फ्लाईओवर से नीचे छलांग मार दी। वह डेराबस्सी बस स्टैंड के बीच गिरी और उसके बहन भाई ऊपर ही खड़े थे। गंभीर हालत में उसे डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक सहायता देकर चंडीगढ़ सेक्टर 32 अस्पताल में रेफर कर दिया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, पर उसकी टांग टूट गई है। लड़की के पिता गोकुल प्रसाद ने पुलिस को बताया कि उसकी लड़की की मानसिक हालत ठीक नहीं है जिस कारण उसने यह कदम उठाया है।