कार सवार महिला से पता पूछने के बहाने स्नैचिंग
खरड़। दिनदहाड़े पता पूछने के बहाने दो युवक कार में बैठी महिला की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द पकड़ लिए जाएंगे। इलाके के लोगों का कहना है कि यह घटनाएं आम हो गई हैं।
सन्नी एनक्लेव के मकान नंबर 8405 में रहने वाले एसडी खाबरा ने पुलिस चौकी को इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है। खाबरा ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर तीन बजे अपनी पत्नी आशा रानी के साथ कार से सन्नी एनक्लेव मंदिर के निकट मार्केट में सामान लेने गए थे। पति सामान लेने मार्केट में चले गए जबकि उनकी पत्नी कार में ही बैठी रही। इस बीच मोटरसाइकिल पर दो युवक आशा रानी के पास आए और किसी का पता पूछने लगे। जैसे ही आशा रानी ने कार का शीशा नीचे किया तो उनमें से एक युवक उनकी गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक से फरार हो गए। पति एसडी खाबरा जब सामान लेकर लौटे तो उन्हें इस घटना का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।