डॉगी को लेकर मारपीट, तेजधार हथियारों से किया हमला
बाइक के पीछे डॉगी के दौड़ने को लेकर हुआ विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़।
मोटरसाइकिल के पीछे पालतू कुत्ते के दौड़ने को लेकर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति से मारपीट कर उसे गंभीर जख्मी कर दिया। सदर पुलिस स्टेशन खरड़ में दी गई शिकायत में कुलदीप कुमार पुत्र हरबंस लाल निवासी गांव घडुआं ने लिखा है कि वह घर में बैठा हुआ था। उसका पालतू कुत्ता घर के बाहर बैठा था। एक मोटरसाइकिल सवार उनके घर के बाहर से गुजरा तो उनका कुत्ता बाइक के पीछे दौड़ने लगा। इसके बाद कुछ दूरी पर बाइक वाला रुक गया और सड़क से पत्थर उठाकर उनके घर पर हमला कर दिया। इस बीच एक पत्थर उनकी मां को लग गया, जिससे वह घायल हो गईं।
कुलदीप कुमार ने जब बाइक सवार से पत्थर मारने का कारण पूछने लगे तो वह गाली गलौच करने लगा। शोर सुनकर उनकी मां भी वहां पहुंच गईं तो आरोपी ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और वहां से चला गया। कुलदीप कुमार के अनुसार, कुछ समय बाद आरोपी अपने छह-सात साथियों संग जबरदस्ती उनके घर में घुस गया और धमकियां देने लगा। आरोपियों ने घर में घुसते ही उनके बहनोई और भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को सरकारी अस्पताल खरड़ पहुंचाया गया। वहां उनके बहनोई बरखा राम की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा देकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इस मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।