तस्करी के बाहुबली हाजी मस्तान का दौर अब चंडीगढ़ में लौटा
- गोल्ड और डायमंड तस्करी का गढ़ बनता जा रहा चंडीगढ़ इंटरनेशल एयरपोर्ट
दीपक शाही
जीरकपुर। एक जमाने में मुंबई का हाजी मस्तान और गुजरात का कुख्यात तस्कर सुकुर नारायण बखिया की जोड़ी को तस्करी के नायाब तरीके ईजाद करने के लिए जाना जाता था। अब वो दिन लौट आए हैं जब से चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हुई हैं। गोल्ड और डायमंड तस्करी के लिए अपनी जान तक जोखिम में लोग डालने को तैयार हैं। जूतों के अंदर तक लोग तस्करी के लिए ज्वेलरी रखकर लाने लगे हैं। यही वजह है कि चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्मगलिंग का गढ़ बनता जा रहा है। बता दें कि सोमवार को चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पंजाब एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग ने बिना दस्तावेज के 4.16 करोड़ रुपये के हीरे और सोने की ज्वेलरी के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जब से चडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइटों की शुरुआत हुई है, उसके महज दस महीनों के आंकड़ों पर गौर करें तो 90 लाख रुपये का सोना जब्त किया गया है। इसके पीछे वजह सिर्फ एक है, भारत से बीस फीसदी कम दाम पर दुबई और बैंकॉक में सोना मिलता है। जब से इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत हुई है, करीब 20 से ज्यादा तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभी तो चंडीगढ़ से महज एक-दो फ्लाइटें ही अंतरराष्ट्रीय उड़ान भर रही हैं। जरा सोचिए यहां अंतरराष्ट्रीय फ्लाइटों की संख्या बढ़ने के बाद क्या हाल होगा।
पिछले दो साल में तस्करी के खेल पर एक नजर
- फरवरी 2019 में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक युवक से डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने 12 सोने के बिस्कुट के साथ युवक को पकड़ा था। यह स्मगलिंग करने की नीयत से सोने के बिस्किट शारजाह से लाए जा रहे थे।
- जनवरी 2018 में 2.44 करोड़ रुपये के सोने के साथ दो आरोपी गिरफ्तार हुए थे। आरोपी दुबई से चंडीगढ़ आ रहे थे। आरोपियों के पास से 8.16 किलो सोना बरामद किया गया था।
- मार्च 2018 में एक दंपति को कस्टम विभाग ने 877 ग्राम सोने के साथ पकड़ा था जिसकी अनुमानित कीमत 26 लाख रुपये थी।
- जुलाई 2018 दुबई से आई एक महिला को चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर करीब 35 लाख रुपये के सोने के साथ पकड़ा गया।
- सितंबर 2018 में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्टेट टैक्स मोबाइल विंग (पंजाब) ने मुंबई के रहने वाले बाप-बेटे को 6 करोड़ की ज्वेलरी के साथ गिरफ्तार किया था।
- अक्तूबर 2017 में चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति के पास से 39 लाख रुपये के सोने के चार बिस्कुट बरामद किए थे, जिन्हें जूतों के अंदर छुपाकर रखा गया था।