जेब में था डेबिट कार्ड, खाते से निकल गए 52 हजार
बलौंगी निवासी व्यक्ति के खाते से पांच बार निकले रुपये
पीड़ित व्यक्ति ने स्टेट साइबर सेल को दी शिकायत, कार्रवाई शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। एक व्यक्ति के बैंक खाते से 52 हजार रुपये निकलने का मामला सामने आया है, जबकि डेबिट कार्ड उसकी जेब में ही था। पीड़ित मनबीर सिंह को इसका पता तब लगा जब उसके मोबाइल पर पैसे निकलने संबंधी मैसेज आया। उसने स्टेट साइबर सेल को शिकायत दे दी है। स्टेट साइबर सेल ने इस संबंधी डीडीआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मनबीर सिंह ने इस संबंधी बैंक को भी शिकायत दे दी है।
स्टेट साइबर सेल को दी शिकायत में मनबीर सिंह ने बताया कि वे बलौंगी स्थित आदर्श नगर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि केनरा बैंक में उनका खाता है। 2 अक्तूबर की रात 11.50 बजे अचानक उनके मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आया। उनको समझ नहीं आया रुपये कैसे निकल गए। 3 अक्तूबर भी दिन में दो बार उनके बैंक खाते से पैसे निकले थे। उन्होंने तुरंत स्टेट साइबर सेल को शिकायत दी और बैंक जाकर खाता बंद करवाया।
गौरतलब है कि इससे पहले मोहाली में कार्ड क्लोनिंपग का मामला सामने आया था। इस दौरान कई लोगों के खाते से लाखों रुपये निकल गए थे। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर इस गिरोह के कई मेंबरों को काबू किया था जिनसे पूछताछ में कई राज खुले थे।
दो बार अंबाला व तीन बार जालंधर में निकले पैसे
जानकारी के मुताबिक मनबीर सिंह के खाते से पांच बार ट्रांजेक्शन हुई और 52 हजार रुपये निकले हैं। 2 तारीख की रात 11.56 व 11.57 में अंबाला कैंट में एटीएम से 20 हजार निकले। इसके बाद 3 अक्तूबर को जालंधर में 32 हजार की निकासी हुई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।