कमेटियां डालने के नाम पर 73 लाख की ठगी
पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को किया काबू
अदालत ने पति को जेल और पत्नी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़। कमेटियां डालने के नाम पर 19 लोगों के 73 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मीनाक्षी व उसके पति गुरजिंदर सिंह निवासी माता गुजरी एनक्लेव के खिलाफ धारा 420, 406 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू कर वीरवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी पत्नी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है जबकि पति को जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में पूछताछ के बाद कई और राज खुलेंगे। दूसरा उन्हें उम्मीद है कि केस में कुछ और लोग भी सामने आएंगे। वहीं, अब पुलिस यह पता लगाने में लग गई है कि आखिरी लोगों से ठगे हुए पैसे इन्होंने कहां पर इन्वेस्ट किए हैं।
अंजली पत्नी रमेश कुमार निवासी माता गुजरी एनक्लेव ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया था कि मीनाक्षी नाम की एक महिला ने अलग-अलग कमेटियां शुरू की हुई हैं। परंतु कमेटी खत्म होने के बाद इस महिला ने अपने पति के साथ मिलकर लोगों के लाखों रुपये वापिस नहीं किए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मीनाक्षी व उसके पति गुरजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर दर्ज किया था।
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इस तरह का मामला पहले फेज-एक में भी आया थ। महिला लोगों के लाखो रुपये ठगकर फरार हो गई थी। अभी तक उस महिला को पुलिस पकड़ नहीं पाई है जबकि ठगी का शिकार एक महिला की मौत हो गई थी। महिला के परिजनों ने उस महिला के घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन तक किया था।
फोटो कैप्शन- आरोपी पति, पत्नी को खरड़ अदालत में पेश करने ले जाती हुई पुलिस।
फोटो नंबर- 27 खरड़-फोटो नंबर 03