कंपनी का मैनेजर तीन साल तक झांसा देकर करता रहा रेप
लड़की की शिकायत पर थाना फेज-एक में दर्ज हुआ केस
लुधियाना में लड़की से हुई मुलाकात, फिर दोनों में हुआ प्रेम
काफी समय तक लड़की के साथ लिव इन में भी रहा आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
नामी कंपनी का मैनेजर एक लड़की तो तीन साल तक शादी का झांसा देकर रेप करता रहा। इस दौरान लड़की को उसने काफी समय तक लिव इन में भी रखा। मैनेजर की जहां तैनाती होती थी, वहां लड़की को साथ ले जाता था। लड़की जब शादी के लिए दबाव डाला तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया और शादी करने से मना कर दिया। लड़की की शिकायत पर थाना फेज-एक की पुलिस ने मोहन लाल निवासी होशियारपुर के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच लिया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में लड़की ने बताया है कि करीब चार साल पहले नौकरी की तलाश में लुधियाना में आरोपी से उसकी मुलाकात हुई थी। इसके बाद काफी समय तक दोनों एक ही कंपनी में काम करते रहे। इस बीच दोनों में दोस्ती हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसेे शादी के लिए प्रपोज किया। लड़की ने बताया कि उसे आरोपी पर विश्वास हो गया था, इस कारण वह उसकी बातों में आ गई। आरोपी ने मंदिर में उससे शादी भी कर ली और दोनों साथ रहने लगे। पहले काफी समय तक लुधियाना, फिर चंडीगढ़ और कुछ समय तक अमृतसर में रहे। लड़की ने बताया कि आरोपी ने शादी के बारे में घर में नहीं बताया था। वह जब भी उसे कहती थी कि घर में बता दो, वह टरका देता था। वहीं, कोर्ट मैरिज करने के नाम पर बहाने बनाता था। करीब तीन साल तक ऐसे करता रहा। पीड़िता ने कहा कि जब उसने दबाव बनाया तो आरोपी उसे धमकाने लगा। इतना ही नहीं जालंधर में उसके खिलाफ झूठी पुलिस शिकायत भी दे दी। इसके बाद वह उसे परेशान करता रहा। उसने जब पुलिस को शिकायत दी तो आरोपी उसे अलग-अलग नंबरों से फोन कर धमकाने लगा। लड़की का कहना है कि उसे अब भी अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है। उसने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।