विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, केस दर्ज
आरोपी ने पहले हांगकांग, फिर चीन और बाद में आस्ट्रेलिया भेजने का दिया झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। विदेश भेजकर वहां पक्की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी परवीन जे ओबान निवासी मुंबई के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।
प्रदीप कुमार निवासी शिवा एनक्लेव जीरकपुर ने पुलिस को बताया कि 2016 में अखबार के विज्ञापन के बाद उसकी मुलाकात आरोपी परवीन से हुई, जिसने उसे पहले हांगकांग में 85 हजार रुपये में बतौर पक्की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी की बातों में आकर प्रदीप, सुखजीत ओंकार सिंह व महिला पूनम ने पहले 50-50 हजार और फिर 1-1 लाख रुपये टोकन राशि जमा करवा दी। रुपये लेने के बाद आरोपी ने उन्हें हांगकांग भेजने में असहमति जता दी, जिसकी एवज में चीन भेजने का झांसा दिया। चीन जाने से उन्होंने इंकार कर दिया, जिस पर आरोपी ने उन्हें 5 लाख रुपये में आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया। इस चाल में फंसाकर आरोपी ने उनसे 15 लाख रुपये से अधिक ठग लिए।
बाक्स :
आस्ट्रेलिया की जगह भेजा अंडमान एंड निकोबार
शिकायत के अनुसार एक दिन आरोपी ने उन्हें मुंबई बुलवाया और उन्हें पानी के जहाज (शिप) की मदद से अंडमान एंड निकोबार पहुंचा दिया। यहां करीब 15-20 दिन ठहरने के बाद उन्हें वापस भेज दिया। अपने साथ हुई ठगी के बाद उन्होंने आरोपी से अपने लाखों रुपये वापस मांगे आरोपी ने मुंबई स्थित अपने ऑफिस में बुलवाकर अपने बाउंसरों की मदद से दबाव बनाना शुरू कर दिया। बाउंसरों की मदद से समझौता पेपरों पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करवाए और धक्के मारते हुए बाहर कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस के आला अफसरों को दी, जिन्होंने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं तहत मामला दर्ज कर लिया।