बादल कालोनी में घर के ताले तोड़ कर लाखों के गहने चोरी
चोरों ने दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। यहां की बादल कालोनी में दिनदहाड़े चोर एक बंद घर के ताले तोड़ कर लाखों रुपये गहने और नगदी चोरी कर ले गए। चोरों की वारदात को उस समय पर अंजाम दिया गया जब परिवार के सदस्य घर को ताला लगा कर बाजार गए थे। चोरों ने ढाई घंटे में वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
हेमंत शर्मा (30) ने बताया कि वह बतौर एरिया मैनेजर एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करता है। उसके पिता हरियाणा मुख्यमंत्री दफ़्तर से सेवामुक्त होकर अब चंडीगढ़ में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह और उसके पिता सुबह नौकरी पर चले गए थे जबकि उसकी मां और बहन घर में अकेले थे। दोपहर उसकी मां और बहन घर को ताला लगा बाजार गए थे। इस दौरान पड़ोसियों ने घर में कुछ शकी गतिविधियों देख कर परिवार को फोन किया। जब उसकी मां और बहन दोपहर बाद तकरीबन साढ़े चार बजे घर आए तो ताले टूटे हो थे और अंदर सारा सामान बिखरा था।
शिकायतकर्ता ने दावा किया कि चोर घर से पांच लाख के गहने और नगदी चोरी ले गए। घर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए थे, परंतु कैमरों में कुछ भी कैद नहीं हुए। पड़ोसियों ने बताया कि घर के बाहर मोटरसाइकिल और कुछ संदिग्ध नौजवान घूम रहे थे। उनको शक है उक्त नौजवानों ने चोरी की है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पवन कुमार शर्मा ने कहा कि चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।