तीन करोड़ की हेरोइन समेत पकड़े तस्करों के खुलेंगे राज
- एसटीएफ ने जिला अदालत में पेश किया चालान
- कामर्शियल रिकवरी दिखाई गई, सरकारी व प्राइवेट गवाह बनाए गए
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
एसटीएफ की ओर से तीन करोड़ रुपये (साढ़े पांच सौ ग्राम) की हेरोइन समेत पकड़े गए तीन लोगों के खिलाफ सोमवार को जिला अदालत में चालान पेश किया गया। आरोपियों में गुरदेव चंद निवासी नूरमहल, रणजीत सिंह निवासी जंडियाली और राकेश कुमार निवासी कॉकी जालंधर शामिल हैै। आरोपियों पर एसटीएफ ने एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान पेश किया। यह चालान कामर्शियल रिकवरी के तहत पेश किया गया। इसे पेश करने में 180 दिन का समय लगा है। वहीं, एसटीएफ ने आरोपियों के खिलाफ ठोस तथ्य और गवाहों का जिक्र चालान में किया है। दावा है कि उक्त तथ्य व गवाह अदालत में आरोपियों में सारी पोल खोल देंगे। इसमें सरकारी व प्राइवेट दोनों तरह के गवाह हैं। जानकारी के करीब पांच महीने पहले जून में एसटीएफ को आरोपियों के बारे में सुराग मिला था। सूचना थी कि आरोपी इलाके में आकर नशीले पदार्थों की सप्लाई करते है। साथ ही लोगों से मोटे पैसे वसूल करते हैं। वहीं, यह सप्लाई अपने पक्के ग्राहकों को करते हैं। आरोपियों की एक पूरी चेन बनी हुई है। जो कि एक ग्राम हेरोइन तीन से पांच हजार रुपये बेचते थे। इसके बाद एसटीएफ ने पूरी प्लानिंग के तहत एयरपोर्ट पर नाका लगाया। साथ ही आरोपियों को इनोवा कार समेत दबोचा। जब आरोपियों की कार तलाश ली थी। तो उसमें से हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद आरोपियों पर एनडीपीएस के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया था। इस दौरान आरोपियों से पूछताछ में कई राज खुले थे। एसटीएफ के सूत्रों से पता चला था कि गुरदेव चंद इस गिरोह का प्रमुख था। साथ ही वह दिल्ली से हेरोइन लाकर बेचते थे। इससे पहले गुरदेव पर कई केस चल रहे हैं। इतना ही नहीं कपूरथला में भी उसके परिजनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है।
एक पर चालान पेश, दूसरा पीओ घोषित
एसटीएफ की तरफ से 35 ग्राम हेरोइन को लेकर एक और चालान अदालत में पेश किया। इसमें आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी चिट्टां वाला नाभा का रहने वाला बताया जा रहा है। एसटीएफ ने इस मामले में पंद्रह गवाह रखे हैं। साथ ही यह चालान एनपीडीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत पेश किया। वहीं, इस मामले के एक अन्य आरोपी मक्खन सिंह को पीओ घोषित कर दिया गया है।