फोन पर आए मैसेज से उड़े होश, खाते से निकाले गए 2.80 लाख
सन्नी एन्क्लेव स्थित मुंडी खरड़ निवासी व्यक्ति से हुई ठगी, पीड़ित ने बैंक की मिलीभगत होने का जताया अंदेशा
- दो लाख रुपये बैंक से निकाले गए, अस्सी हजार हुए दूसरे खाते में ट्रांसफर
- स्टेट साइबर सेल को दी शिकायत, पुलिस मामले की जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
खरड़।
सन्नी एन्क्लेव मुंडी खरड़ के निवासी बलविंदर सिंह के सैलरी सेविंग अकाउंट से दो लाख 80 हजार रुपये की ठगी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबंध में साइबर सेल को शिकायत दी है। जल्द ही पुलिस की ओर से केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस को दी शिकायत में बलविंदर ने कहा है कि उसका स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मुंडी खरड़ में खाता है। उसने बताया कि सुबह अचानक उसे मोबाइल पर बैंक से पैसे निकलने का मैसेज आया। जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि बैंक खाते से किसी ने दो लाख 80 हजार रुपये की ठगी की है। उन्होंने बताया कि बैंक आफ इंडिया मुंडी खरड़ की शाखा के एटीएम से दो लाख रुपये निकाले गए है जबकि, 80 हजार रुपये उसके बैंक खाते से ट्रांसफर हुए है। बलविंदर पाल सिंह ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत बैंक के अधिकारियों से की और इस ठगी की साइबर सैल में शिकायत दर्ज करवाई। बलविंदर पाल सिंह ने कहा कि बैंक की मिलीभगत से ही ऐसा हो सकता है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। जिक्रयोग है कि खरड़ में इस तरह का यह दूसरा मामला है। इससे पहले एक व्यक्ति का एटीएम एक्सपायर होने वाला था। एटीएम कार्ड व्यक्ति की जेब में था। जबकि उसके एकाउंट से यूपी में पैसे निकले गए थे। व्यक्ति को भी मोबाइल पर आए मैसेज से पता चला था। इस संबंध में भी केस दर्ज हुआ था। लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग पुलिस नहीं लग पाई है।