लालड़ू के गांव चांदहेड़ी में फिरनी के पास खुले पड़े करीब पांच फीट गहरे नाले में गिरने से एक गाय की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर काउंसिल को कई बार नाले को स्लैब डालकर ढकने की मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हादसे के बाद ग्रामीणों में काउंसिल अधिकारियों के प्रति रोष है।
गांव के भाजपा नेता हरभजन सिंह मेहरा चांदहेड़ी, नरेश शर्मा, सुरेंद्र बॉबी, श्याम लाल, डॉ. हरि शर्मा, भाग सिंह, जसवीर सिंह, हैप्पी, सुखबीर सिंह, डॉ. जसविंदर, हरि सिंह, बंटी, रिंकू शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव की फिरनी के चारों ओर पानी की निकासी के लिए नगर काउंसिल की ओर से करीब पांच फीट गहरा नाला बनाया गया है। नाले को स्लैब डालकर ढकने के बजाय खुला छोड़ दिया गया है।
शुक्रवार को गाय अचानक खुले नाले में गिर गई। ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से उसे बाहर निकालने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। गाय की मौत के बाद ग्रामीणों ने उसे दूध से स्नान करवाया और कपड़े में लपेटकर विधि-विधान से दफनाया। दफनाने के दौरान गड्ढे में नमक भी डाला गया।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के किनारे खुला पड़ा गहरा नाला हर समय हादसे को न्योता दे रहा है। यहां से गुजरने वाले लोगों के साथ-साथ सड़क पर खेलने वाले बच्चों के भी नाले में गिरने का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन और नगर काउंसिल से नाले की जल्द मरम्मत करवाकर उसे स्लैब से ढकने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।