मोहाली। फेज-6 स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर राज्य आयुर्विज्ञान संस्थान में कोरोना की चौथी लहर से निपटने के पूरे इंतजाम किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं इस बार गंभीर मरीजों को भी राजिंद्रा अस्पताल पटियाला या चंडीगढ़ नहीं भेजना पड़ेगा बल्कि मेडिकल कॉलेज में ही सबको उचित इलाज मिलेगा। अस्पताल में कोविड वार्ड से लेकर ऑक्सीजन तक का पूरा इंतजाम है। सारे ऑक्सीजन प्लांट चल रहे हैं। उम्मीद है कि इस बार लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी।
जानकारी के मुताबिक कोरोना की चौथी लहर से निपटने के लिए साल के शुरू से ही सेहत विभाग जुटा हुआ है। पिछली कई खामियों को सुधारने की कोशिश की गई है। मई में डीसी ने अस्पताल का दौरा किया था। इसके बाद ऑक्सीजन प्लांट के लिए अलग से ट्रांसफार्मर लगाया गया। वहीं कोविड वार्ड में बेड के साथ ही ऑक्सीजन पाइपों और दवा बॉक्स बनाए गए है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कोविड की चौथी लहर के लिए हमने पिछले एक महीने से तैयारी की हुई है। स्पेशल वार्ड से लेकर डॉक्टर तक तैनात किए गए हैं। अस्पताल में केवल गंभीर मरीजों को ही भर्ती किया जा रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
जिले में कोविड की रफ्तार पंजाब के अन्य जिलों से अभी कम है। अस्पताल में कोविड से निपटने के पूरे प्रबंध किए जा चुके हैँ। डॉक्टरों की टीम और स्टाफ हर तरह की गंभीर स्थिति से लड़ने के लिए तैयार हैं। वहीं अभी तक एक भी मरीज भर्ती नहीं किया गया है। जो पॉजिटिव आते हैं, उन्हें होम क्वारंटीन होने के लिए कहा जा रहा है। -डॉ. एचएस चीमा, एसएमओ-2